गढ़वा में खुदाई के दौरान ज़मीन से निकला खजाना? सन्दुक पर 40 परिवारों ने ठोका दावा, अंदर क्या है बना रहस्य

गढ़वा के रमना में घर निर्माण के लिए JCB से खुदाई के दौरान जमीन के अंदर दबा लोहे का संदूक मिला है. संदूक पर तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों ने दावा किया है. पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. संदूक के अंदर क्या है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है.

गढ़वा (GARHWA): रमना प्रखंड मुख्यालय में जमीन की खुदाई के दौरान लोहे का एक संदूक मिला है. नीचे बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास घर बनाने के लिए JCB से खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान जमीन के अंदर दबा संदूक दिखाई दिया. इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई. संदूक पर कई लोगों ने अपना दावा भी जताया है. बताया जा रहा है कि तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवार इसे अपना बता रहे हैं. फिलहाल संदूक के अंदर क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ने संदूक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

घर बनाने के लिए हो रही थी खुदाई

मामला रमना प्रखंड मुख्यालय के नीचे बाजार इलाके का है. प्राचीन शिव मंदिर के पास एक घर के निर्माण के लिए जमीन की खुदाई चल रही थी. JCB से मिट्टी हटाने के दौरान अचानक लोहे का संदूक दिखाई दिया. इसके बाद खुदाई का काम रोक दिया गया.

संदूक मिलने की खबर आसपास के इलाके में फैल गई. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. लोग संदूक और उसके अंदर रखे सामान को लेकर चर्चा करने लगे.

करीब 40 परिवारों ने किया दावा

संदूक मिलने के बाद कई लोग उस पर अपना दावा करने लगे. बताया जा रहा है कि तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों ने संदूक को लेकर दावा किया है. एक साथ कई लोगों के दावे के कारण यह साफ नहीं हो पाया कि संदूक वास्तव में किसका है.

संदूक जमीन के अंदर कब से दबा हुआ था और इसे वहां किसने रखा था, इसकी भी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.

पुलिस ने कब्जे में लिया संदूक

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोहे के संदूक को अपने कब्जे में ले लिया. अब पूरे मामले की जांच की जा रही है.

पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि संदूक कितना पुराना है और इस पर दावा करने वाले परिवारों का इससे क्या संबंध है. वहीं संदूक के अंदर क्या रखा है, इसे लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

रिपोर्ट - धर्मेंद्र कुमार