गढ़वा(GARHWA): जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घर के समीप स्थित एक कुएं से उसका शव बरामद होने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है.
मृतका की पहचान भंडार गांव निवासी नंदलाल साह की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर धुरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया.
शुरुआती जांच के दौरान मृतका के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं. इसके अलावा शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले हैं. निशान दिखने से लड़की पक्ष के लोगों ने इसे आत्म हत्या नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या बताया है.
परिजनों के अनुसार शांति देवी की शादी इसी वर्ष 14 मार्च को पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ नंदलाल साह से हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी थी. आरोप है कि पांच लाख रुपये नकद और एक बोलेरो वाहन की मांग को लेकर शांति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था.
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद ससुराल पक्ष के कई सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार