Breaking : गढ़वा में पुश्तैनी जमीन को लेकर दो पक्षों में झड़प, एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर

Breaking : गढ़वा में पुश्तैनी जमीन को लेकर दो पक्षों में झड़प, एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर

गढ़वा (GARHWA) : झारखंड के गढ़वा जिले में पुश्तैनी जमीन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना बरडीहा थाना क्षेत्र के सुखनदी गांव की है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

परिवार में चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि स्वर्गीय हजारी सिंह ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी से लालमुनि सिंह हैं जबकि दूसरी पत्नी से मुन्ना सिंह समेत तीन संतान हैं. मुन्ना सिंह का आरोप है कि उनके सौतेले भाई लालमुनि सिंह पुश्तैनी जमीन पर अकेले कब्जा कर उसकी जोत-कोड़ कर रहे थे. इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था. मुन्ना सिंह की पत्नी मनिता देवी जमीन के मामले में बातचीत करने के लिए लालमुनि सिंह के पास पहुंचीं. आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और लालमुनि सिंह, उनकी पत्नी तथा बेटी पूजा देवी ने मनिता देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी.

एक महिला की मौत,एक घायल

इस बीच मुन्ना सिंह की बहन ललिता देवी भी मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि उन पर भी कुदाल और डंडे से हमला किया गया. मारपीट में मनिता देवी और ललिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. ग्रामीण संजय रजवार और महेंद्र रजवार की मदद से दोनों महिलाओं को मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टर ने मनिता देवी को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. गंभीर रूप से घायल ललिता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घटना की जानकारी मिलने पर बरडीहा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने भी पुलिस पदाधिकारियों के साथ मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

रिपोर्ट – धर्मेंन्द्र कुमार