पलामू: रेहला में विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प, पुलिस पर पथराव में चार जवान घायल, देखें वीडियो

रेहला थाना क्षेत्र में काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया. इस घटना में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई.

पलामू (PALAMU): रेहला थाना क्षेत्र में काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया. इस घटना में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई. झड़प में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है.

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो गुटों के बीच झड़प हो रही थी. इसी दौरान स्थिति को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किया गया. ग्रामीणों ने ईंट और पत्थरों से पुलिस को निशाना बनाया, जिसमें चार जवान जख्मी हो गए. इस दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है.

थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस घटना की जांच में जुटी है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. ऐसे में फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है. एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे क्षेत्र में नजर बनाए हुए है. विवाद शांत होने के बाद प्रतिमा का विसर्जन भी कराया गया. वहीं, घटना में घायल ग्रामीणों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

 रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार