Breaking : गढ़वा के पनघटवा डैम में नहाने गए चार युवक डूबे, एक की मौत, तीन का स्थानीय लोगो ने किया रेस्क्यू

गढ़वा के पनघटवा डैम में नहाने के दौरान चार युवक गहरे पानी में डूब गए. ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने तीन को सुरक्षित बचा लिया, जबकि करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद 20 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ.

Breaking : गढ़वा के  पनघटवा डैम में नहाने गए चार युवक डूबे, एक की मौत, तीन का स्थानीय लोगो ने किया रेस्क्यू

गढ़वा(GARHWA): जिले में शनिवार को पनघटवा डैम में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. डैम में उतरे चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को डूबता देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया. हालांकि, 20 वर्षीय नीलेश कुमार गहरे पानी में लापता हो गया. घटना के बाद डैम परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए.

घटना डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहरा गांव के पास की है. बताया जा रहा है कि नीलेश अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित श्राद्ध कर्म में शामिल होने आया था. शनिवार सुबह नीलेश सहित चार युवक घूमने के लिए पनघटवा डैम पहुंचे थे. इसी दौरान सभी नहाने के लिए पानी में उतर गए और गहराई में चले जाने के कारण डूबने लगे. ग्रामीणों और गोताखोरों ने 12 वर्षीय आयुष कुमार, 16 वर्षीय तेजू कुमार और 10 वर्षीय शालुक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा भेजा गया. वहीं, नीलेश का तत्काल कोई पता नहीं चल सका.

हादसे की सूचना मिलने पर डंडई और धुरकी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने नीलेश की तलाश के लिए अभियान चलाया. करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने गहरे पानी से नीलेश का शव बरामद किया. मृतक की पहचान बीजा प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र नीलेश कुमार के रूप में हुई. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया. हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग डैम पहुंच गए.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार