गढ़वा(GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज वारदात बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल के पास हुई, जहां बाइक सवार दो अपराधियों ने युवक को रोककर बेहद करीब से गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक कुजूर के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सिमडेगा जिले का रहने वाला था और फिलहाल रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, दीपक अपनी अपाचे बाइक से बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहा था. इसी दौरान एक दूसरी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया और ललमटिया मोड़ के पास उसे रोक लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों में से एक ने पहले दो राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद बदमाशों ने दीपक की कनपटी पर गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने अपना चेहरा भी नहीं ढका था और मुख्य सड़क पर खुलेआम हत्या की वारदात को अंजाम दिया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को तुरंत भंडरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.
शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लेन-देन के विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे एक व्यक्ति के घायल पड़े होने की सूचना मिली थी. स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने की भी पुष्टि की. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार
