जन्माष्टमी पर गढ़वा के लोगों को मिला खास तोहफा! अब ‘श्री कृष्ण’ के नाम से जाना जाएगा अंतरराज्यीय बस स्टैंड
गढ़वा नगर परिषद ने जन्माष्टमी के मौके पर शहर के प्रमुख अंतरराज्यीय बस स्टैंड का नाम बदलकर ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ कर दिया. नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी समेत पार्षदों की मौजूदगी में नए नाम का उद्घाटन हुआ.
गढ़वा (GARHWA): गढ़वा नगर परिषद ने जन्माष्टमी के अवसर पर शहरवासियों को खास तोहफा दिया है. शहर के प्रमुख अंतरराज्यीय बस स्टैंड का नाम अब बदलकर ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ कर दिया गया है. जन्माष्टमी के दिन नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में नए नाम का औपचारिक उद्घाटन किया गया.
नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने बताया कि बस स्टैंड का नाम बदलने का प्रस्ताव नगर परिषद बोर्ड की बैठक में रखा गया था. बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर इसे लागू किया गया. अब गढ़वा का यह प्रमुख बस पड़ाव ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ के नाम से जाना जाएगा.
आशीष सोनी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के दिन बस स्टैंड का नामकरण नगर परिषद के लिए विशेष महत्व रखता है. उन्होंने बताया कि शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को बेहतर पहचान देने और उन्हें विशिष्ट नाम से जोड़ने की दिशा में नगर परिषद लगातार काम कर रही है.
गढ़वा का यह बस स्टैंड शहर के प्रमुख यात्री केंद्रों में शामिल है. यहां से झारखंड के विभिन्न हिस्सों के अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए बसों का संचालन होता है. दिल्ली और हैदराबाद जैसे दूर के शहरों के लिए भी यहां से बस सेवाएं उपलब्ध हैं.
बस स्टैंड का नाम बदले जाने के बाद स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया. नगर परिषद का कहना है कि नए नाम से बस स्टैंड को अलग पहचान मिलेगी. साथ ही, दूसरे राज्यों से गढ़वा आने वाले यात्रियों के बीच भी इसकी नई पहचान स्थापित होगी. जन्माष्टमी के अवसर पर किया गया यह नामकरण शहर के एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल को नई पहचान देने की दिशा में नगर परिषद का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार