गढ़वा में दानरो नदी पर बनेगा पीपा पुल, 20 हजार लोगों की राह होगी आसान

गढ़वा की दानरो नदी पर छठ घाट के समीप करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पीपा पुल बनेगा. इससे टंडवा के चार वार्डों के 20 हजार लोगों को राहत मिलेगी.

गढ़वा में दानरो नदी पर बनेगा पीपा पुल, 20 हजार लोगों की राह होगी आसान

गढ़वा (GARHWA): गढ़वा जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. शहर के बीचोंबीच बहने वाली दानरो नदी पर छठ घाट के समीप करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा. इस पुल के बनने से टंडवा क्षेत्र के चार वार्डों की लगभग 20 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा. लंबे समय से स्थानीय लोग दानरो नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे. अब जिला प्रशासन की ओर से पीपा पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने के बाद लोगों की उम्मीदें पूरी होती दिख रही हैं.

दरअसल, दानरो नदी पर पुल नहीं होने के कारण टंडवा क्षेत्र के लोगों को शहर आने-जाने में काफी परेशानी होती है. नगर परिषद के कुल 21 वार्डों में से वार्ड संख्या 18, 19, 20 और 21 टंडवा क्षेत्र में आते हैं. इन चारों वार्डों की आबादी करीब 20 हजार है. नदी पार कर शहर पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं होने के कारण लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ऐसे में पीपा पुल का निर्माण होने से आवागमन काफी आसान हो जाएगा. खासकर छठ पूजा के दौरान छठव्रतियों को छठ घाट तक पहुंचने में बड़ी सहूलियत मिलेगी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण होना चाहिए था, क्योंकि इससे लोगों की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता था. हालांकि, फिलहाल पीपा पुल की स्वीकृति मिलने से लोगों में खुशी है. उनका मानना है कि इससे रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ छठ पूजा के दौरान भी बड़ी राहत मिलेगी.

वहीं, पीपा पुल निर्माण की मंजूरी मिलने पर नगर परिषद के अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी ने इसे अपने कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि पुल बनने से नगर परिषद क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी. फिलहाल लोगों को शहर आने-जाने के लिए करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन पीपा पुल बन जाने के बाद यह दूरी घटकर महज 100 मीटर रह जाएगी.

इधर, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से पीपा पुल निर्माण के लिए पत्र के माध्यम से राशि की मांग की गई थी. इसके बाद अनाबद्ध निधि से करीब एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर नगर परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई है. जल्द ही नगर परिषद की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. पीपा पुल बनने से टंडवा क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार