पुलिस से परेशान आदिवासी महिला पहुंची थाने, कमर से निकाली शीशी और पी लिया ज़हर, जानिए पूरा मामला
घाटशिला में जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां गालूडीह थाना परिसर में सुनवाई के दौरान एक आदिवासी महिला ने थाना प्रभारी के सामने कथित तौर पर जहर पी लिया. महिला का आरोप था कि जमीन विवाद में नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही थी. पुलिस ने तत्काल महिला को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घाटशिला (GHATSHILA): घाटशिला में जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां गालूडीह थाना परिसर में सुनवाई के दौरान एक आदिवासी महिला ने थाना प्रभारी के सामने कथित तौर पर जहर पी लिया. महिला का आरोप था कि जमीन विवाद में नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही थी. पुलिस ने तत्काल महिला को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, बड़ाखुर्शी गांव की रहने वाली महिला का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इस मामले में उसने पहले ही 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. महिला की शिकायत थी कि पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. इसके अलावा, प्राथमिकी में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल नहीं किए जाने को लेकर भी उसने नाराजगी जताई थी.
इसी मामले में महिला अपनी शिकायत लेकर गालूडीह थाना पहुंची थी. वहां थाना प्रभारी अंकु कुमार के समक्ष उसने अपनी बात रखी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर अपनी कमर से जहर की शीशी निकाली और उसे पी लिया. महिला के जहर पीने के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल सरकारी वाहन से उसे जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया. वहां उसका उपचार किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि विवाद पायरागुड़ी गांव के बिरहीगोड़ा टोला के पास एनएच-33 के किनारे स्थित करीब पांच एकड़ 74 डिसमिल रैयती जमीन से जुड़ा है. यह जमीन स्वर्गीय मनोरंजन भूमिज की बताई जा रही है. जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर भूमिज समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस जमीन को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट और तनाव की स्थिति बन चुकी है. मौजूदा मामले में महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. इधर घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.