SIR शिविर में युवक ने मचाया उत्पात, पांच भरे गणना प्रपत्र फाड़े, पुलिस ने किया गिरफ्तार

SIR शिविर में युवक ने मचाया उत्पात, पांच भरे गणना प्रपत्र फाड़े, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुमका(DUMKA): शहर के नेशनल स्कूल के पीछे मेहतर पाड़ा में बुधवार दोपहर एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) शिविर के दौरान एक युवक ने जमकर हंगामा किया. उसने बीएलओ के हाथ से पांच मतदाताओं के भरे हुए गणना प्रपत्र छीनकर फाड़ दिए. सूचना मिलते ही सदर बीडीओ हरिनाथ महतो मौके पर पहुंचे और सहयोगियों की मदद से आरोपी युवक शिवनारायण हरि को पकड़कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

राज्य निर्वाचन आयोग को दी गई घटना की जानकारी

पंचायत सचिव नंदन कुमार के बयान पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्र व्यवहार का मामला दर्ज किया है. प्रशासन ने गणना प्रपत्र फाड़े जाने की सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेज दी है. गुरुवार को आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा.

शिविर में चल रहा था गणना प्रपत्र का वितरण और संग्रह

दोपहर के समय मेहतर पाड़ा स्थित बूथ संख्या 131 पर एसआईआर अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण और जमा लेने का कार्य चल रहा था. पंचायत सचिव नंदन कुमार की मौजूदगी में बीएलओ नंदनी देवी, कर्मी आंचल भारती और सहायक शिक्षक शिव कुमार मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर रहे थे.

बीएलओ के हाथ से छीनकर फाड़ दिए पांच भरे हुए प्रपत्र

इसी दौरान मुहल्ले का रहने वाला शिवनारायण हरि शिविर पहुंचा और मतदाताओं को प्रपत्र जमा करने से रोकने लगा. बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था.  बीएलओ द्वारा विरोध किए जाने पर उसने मामुनी देवी, संतोष कुमार, विशु, रमनी देवी और काजल देवी के भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ के हाथ से छीनकर फाड़ दिए. मना करने पर भी वह हंगामा करता रहा.

सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन

पंचायत सचिव की सूचना पर सदर बीडीओ हरिनाथ महतो तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने सहयोगियों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया. इसके कुछ देर बाद नगर थाना प्रभारी अशोक राम पुलिस बल के साथ पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

सरकारी कार्य में बाधा का केस दर्ज

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि पंचायत सचिव के बयान पर आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा बीएलओ के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला दर्ज किया गया है. गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा.