दुमका: इंदौर बनाने का वादा करने वाले जिम्मेदारों के दावों की खुली पोल, यज्ञ मैदान से छठ घाटों के रास्तों तक गंदगी का अंबार
झारखंड की उपराजधानी दुमका में लोक आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. छठ घाटों को सजाने संवारने का काम अंतिम चरण में है तो दूसरी ओर बाजारों में भी छठ की रौनक देखते ही बन रही है. जिला प्रशासन की ओर से छठ पूजन सामग्री की बिक्री के लिए यज्ञ मैदान निर्धारित किया गया है. यहां पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं और श्रद्धालु खरीदारी के लिए पहुंच भी रहे हैं.
दुमका(DUMKA): झारखंड की उपराजधानी दुमका में लोक आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. छठ घाटों को सजाने संवारने का काम अंतिम चरण में है तो दूसरी ओर बाजारों में भी छठ की रौनक देखते ही बन रही है. जिला प्रशासन की ओर से छठ पूजन सामग्री की बिक्री के लिए यज्ञ मैदान निर्धारित किया गया है. यहां पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं और श्रद्धालु खरीदारी के लिए पहुंच भी रहे हैं. लेकिन विडंबना देखिए कि जिस महापर्व में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व है, उसी पर्व की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच पूजन सामग्री खरीदने की मजबूरी है. यज्ञ मैदान के अंदर से लेकर बाहर तक कचरा और गंदगी का अंबार लगा है. चारों तरफ फैली गंदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. श्रद्धालुओं में इसे लेकर नाराजगी और मायूसी है. उनका कहना है कि छठ जैसे पवित्र पर्व में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है, लेकिन पूजन सामग्री खरीदने के लिए उन्हें गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है.

घाटों की सजावट जारी, पहुंच पथ पर गंदगी का साम्राज्य
छठ महापर्व को लेकर शहर के बड़ा बांध, खूंटा बांध, रसिकपुरम, पुसारो नदी सहित विभिन्न छठ घाटों को सजाने संवारने का काम तेजी से चल रहा है. पूजा समितियों के साथ नगर परिषद भी घाटों की तैयारियों में जुटा है. लेकिन सवाल यह है कि जब छठ घाटों को आकर्षक बनाने की तैयारी हो रही है तो वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की सुध कौन लेगा? जिन मार्गों से छठव्रती और श्रद्धालु सिर पर डाला सूप लेकर घाटों तक पहुंचेंगे, उन रास्तों पर जगह जगह गंदगी पसरी हुई है. ऐसे में श्रद्धालु आखिर किस तरह इन रास्तों से होकर घाट तक पहुंचेंगे? घाटों की सजावट के साथ पहुंच पथ की सफाई भी उतनी ही जरूरी है, लेकिन फिलहाल इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता नजर नहीं आ रही है.

सबने किया वादा लेकिन हकीकत में हर तरफ गंदगी
दुमका को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे तो लंबे समय से किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक ने शहर की सूरत बदलने के वादे किए, मगर उन वादों का असर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई नहीं दे रहा. वर्ष 2020 के उपचुनाव में जीत के बाद विधायक बसंत सोरेन ने कहा था कि दुमका को उपराजधानी का दर्जा तो मिला है, लेकिन इसे उपराजधानी के अनुरूप सजाना संवारना उनकी प्राथमिकता होगी. इसके बावजूद शहर आज भी बुनियादी स्वच्छता की समस्या से जूझ रहा है.
नगर परिषद अध्यक्ष का इंदौर बनाने का संकल्प भी सवालों के घेरे में
नगर निकाय चुनाव के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के कई वादे किए थे. जनता ने अभिषेक चौरसिया को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी. चुनाव जीतने के बाद उन्होंने दुमका को स्वच्छता के मामले में इंदौर जैसा बनाने का संकल्प जताया था. लेकिन मौजूदा हालात को देखकर सवाल उठना लाजिमी है कि दुमका को इंदौर बनाने की दिशा में आखिर अब तक कितनी प्रगति हुई है? यदि छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों और बाजारों में गंदगी का यह आलम है तो फिर स्वच्छता के दावों की हकीकत क्या है?

ड्रोन से निगरानी का दावा, फिर भी नहीं सुधरी शहर की सूरत
प्रशासनिक स्तर पर भी शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के दावे किए गए थे. 28 मई 2025 को दुमका के उपायुक्त के रूप में अभिजीत सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया था. इसके बाद 12 जून को अधिकारियों की टीम के साथ उन्होंने शहर का भ्रमण किया. इस दौरान अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया था. शहर की निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल की बात भी कही गई थी, ताकि अतिक्रमण और अव्यवस्था पर नजर रखी जा सके. लेकिन सवाल यह है कि ड्रोन से निगरानी की वह पहल कहां तक पहुंची? क्या आज भी नियमित रूप से ड्रोन के माध्यम से शहर की निगरानी की जा रही है? यदि निगरानी हो रही है तो फिर सार्वजनिक स्थलों पर फैली गंदगी प्रशासन की नजरों से कैसे बच रही है?

आस्था के पर्व पर व्यवस्था की परीक्षा
छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का भी महापर्व है. ऐसे में इस पर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना प्रशासन और नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए. घाटों को सजाने संवारने के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों और पूजन सामग्री बाजार की सफाई भी जरूरी है. अब देखना यह है कि प्रशासन और नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी श्रद्धालुओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर पाते हैं या फिर इस बार भी स्वच्छता के दावे कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे.
रिपोर्ट: पंचम झा