दुमका में आपसी विवाद ने लिया खूनी मोड़, बकरी व्यापारी के सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

दुमका में आपसी विवाद ने लिया खूनी मोड़, बकरी व्यापारी के सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

दुमका (DUMKA): दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान गोलीबारी की एक गंभीर घटना सामने आई है. रांगा केन्दुआ गांव निवासी और बकरी व्यापार से जुड़े हरूण अंसारी को सीने में गोली मार दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली उनके सीने में लगी और आर-पार निकल गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, हरूण अंसारी लंबे समय से बकरी और बकरा के कारोबार से जुड़े हुए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर हुए आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी. गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों को दी.

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल हरूण अंसारी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालांकि उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज देवघर के अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच चल रही है.

इस संबंध में जरमुंडी के एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. जल्द ही घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट : पंचम झा