रिश्तों का कत्ल! 18 साल के बेटे की हत्या में पिता और सौतेली मां सलाखों के पीछे
आए दिन ऐसी खबरें सामने आ रही है जिसे सुनकर न केवल इंसानियत शर्मसार हो जाए बल्कि रिश्ते की मर्यादा भी शर्मसार हो रही है. चार दिन पूर्व ही दुमका पुलिस ने एक महिला को जेल भेजा था. सोमवार को पुलिस ने सौतेले बेटे की हत्या के आरोप में पति और पत्नी को जेल भेज दिया.
दुमका (DUMKA): आए दिन ऐसी खबरें सामने आ रही है जिसे सुनकर न केवल इंसानियत शर्मसार हो जाए बल्कि रिश्ते की मर्यादा भी शर्मसार हो रही है. चार दिन पूर्व ही दुमका पुलिस ने एक महिला को जेल भेजा था. महिला पर अपने 8 वर्षीय पुत्र आरव और 11 वर्षीय जेठानी का बेटा आयुष की हत्या का आरोप है. वहीं सोमवार को पुलिस ने सौतेले बेटे की हत्या के आरोप में पति और पत्नी को जेल भेज दिया.
झाड़ी में मिला था विनोद का शव, गला रेतकर हुई थी हत्या
दरअसल रविवार को दुमका जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काली पाथर गांव में झाड़ी से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान काली पाथर निवासी बिनोद मरांडी (18 वर्ष) के रूप में हुई थी जिसकी गला रेतकर हत्या की गई थी. घटनास्थल पर हसुवा भी बरामद हुआ था. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, दिलीप खलखो के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया. टीम ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पिता जैशु मरांडी और उसकी सौतली मां सिताली हेंब्रम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया
सौतेली मां पर पहले भी हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार अनुसंधान के दौरान पता चला कि सिलाती हेम्ब्रम मृतक की सौतेली मां है. जिसने पूर्व में भी दो बार जान से मारने की नीयत से विनोद पर हमला किया था. जांच के क्रम में पुलिस को दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिले. इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया. सूत्रों की माने तो संपत्ति सौतेला बेटा के नाम हो जाने के डर से सौतेली मां ने पति के साथ मिलकर सौतेले बेटे की हत्या कर दी. दंपत्ति के जेल जाने के बाद सिताली हेंब्रम की दो नाबालिग बेटी का क्या होगा यह अहम सवाल है.
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ सदर दुमका दिलीप खलखो, मुफस्सिल थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक जगन्नाथ धान, दिग्घी ओपी प्रभारी बाजो रजक तथा मुफस्सिल थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मेरीबिना किस्कू, रौशन कुमार और ताराचंद शामिल थे.
रिपोर्ट: पंचम झा