दुमका काठीकुंड छात्रा हत्याकांड: दर्द के बीच परिवार को पांच लाख की राहत, डालसा ने दिखाई तत्परता
काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा की हत्या से जुड़े मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), दुमका ने त्वरित पहल करते हुए पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान किया है. पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत और विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की.
दुमका (DUMKA): जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा की हत्या से जुड़े मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), दुमका ने त्वरित पहल करते हुए पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान किया है. समाचार पत्रों में घटना से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद प्राधिकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत और विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की.
झालसा के निर्देश पर हुई पहल
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के कार्यकारी अध्यक्ष एवं झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद तथा झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई.
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका सुधांशु कुमार शशि ने संज्ञान लिया. उन्होंने डालसा के सचिव विवेक कुमार को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक बैठक करने का निर्देश दिया, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता मिल सके.
बैठक के बाद पांच लाख रुपये का चेक सौंपा
इस संबंध में आयोजित बैठक में उपायुक्त सह डालसा के उपाध्यक्ष अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक एवं डालसा के सदस्य पीतांबर सिंह खेरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की स्थिति और उसे शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विचार विमर्श किया. इसके बाद परिवार को पांच लाख रुपये का चेक अंतरिम मुआवजे के रूप में प्रदान किया गया. इस पहल का उद्देश्य कठिन परिस्थिति से गुजर रहे परिवार को तत्काल आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है.
पीड़ितों को न्याय और सहायता दिलाना प्राथमिकता
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने स्पष्ट किया कि पीड़ितों एवं उनके परिजनों को समय पर न्याय, विधिक सहायता और नियमानुसार प्रतिकर उपलब्ध कराना उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. प्राधिकार जरूरतमंद परिवारों को न्यायिक एवं विधिक सहायता प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है.
न्याय के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
झालसा के मार्गदर्शन में डालसा, दुमका ने पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. छात्रा की हत्या से परिवार पर आए दुख के बीच पांच लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में महत्वपूर्ण है. हालांकि, परिवार के लिए इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है.
रिपोर्ट: पंचम झा