दुमका(DUMKA): जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के सहारा गांव के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक कांवरिया की मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरिया गांव निवासी विजय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन एवं साथी शव लेकर देवरिया के लिए रवाना हो गए.
भोजन के लिए रुके, सड़क पार करते समय पिकअप वैन ने मारी टक्कर
मृतक के साथी अमरजीत सिंह ने बताया कि गांव के करीब 15 श्रद्धालु एक अगस्त को पिकअप वैन से जलाभिषेक के लिए निकले थे. सोमवार देर रात सहारा गांव के पास भोजन के लिए वाहन रोका गया. इसी दौरान विजय प्रताप सिंह सड़क पार कर शौच के लिए जाने लगे. तभी तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
बाबा वैद्यनाथ और बासुकीनाथ में जलार्पण के बाद राजगीर जाने की थी योजना
श्रद्धालुओं के दल ने पहले अजगैबीनाथ से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में विधिवत जलार्पण किया था. इसके बाद सभी श्रद्धालु राजगीर के लिए रवाना होने की तैयारी में थे. हादसा इसी दौरान हुआ.
अस्पताल पहुंचने पर डॉ ने किया मृत घोषित
घटना के बाद साथियों ने घायल विजय प्रताप सिंह को तत्काल जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पत्नी भी यात्रा में थीं साथ, परिजनों में मातम
हादसे के समय विजय प्रताप सिंह की पत्नी भी कांवर यात्रा में उनके साथ थीं. घटना के बाद उन्हें अन्य श्रद्धालुओं के साथ घर के लिए रवाना कर दिया गया, जबकि तीन साथी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक दुमका में रुके रहे. इस हादसे से मृतक के परिवार और साथियों में शोक की लहर है.
