दुमका (DUMKA): रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को बुलाए गए झारखंड बंद का दुमका में मिला-जुला असर देखने को मिला. बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा के पूर्व सांसद सुनील सोरेन समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर नजर आए. कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की. भाजपा नेताओं का कहना था कि छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने बंद का आह्वान किया है. पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों से बंद में सहयोग करने की अपील की और कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए.
दुकानदारों से बंद में सहयोग की अपील
सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं का समूह शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचा. कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से कुछ समय के लिए दुकानें बंद रखने और बंद को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया. इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालकों से भी बंद के समर्थन में सहयोग करने की अपील की गई. शहर के कुछ इलाकों में दुकानों के शटर बंद दिखाई दिए. हालांकि, पूरे जिले में बंद का असर एक जैसा नहीं रहा. कई जगहों पर सामान्य गतिविधियां भी जारी रहीं.
बस स्टैंड पर प्रदर्शन, कुछ देर प्रभावित रहा आवागमन
बंद समर्थक कार्यकर्ता बस स्टैंड भी पहुंचे. यहां उन्होंने कुछ समय के लिए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए. इससे कुछ देर के लिए बसों और दूसरे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. हालांकि, कुछ समय बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य रूप से चलने लगा.
धीरे-धीरे सामान्य हुआ बाजार
दुमका शहर में बंद का असर कुछ समय तक नजर आया. कुछ बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जबकि कई जगहों पर कारोबारी गतिविधियां जारी रहीं. प्रदर्शन खत्म होने के बाद दुकानों के खुलने का सिलसिला शुरू हो गया. इसके साथ ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी सामान्य हो गई. इस तरह जिले में बंद का असर पूरी तरह से नहीं दिखा और कुछ घंटों के बाद जनजीवन सामान्य स्थिति में लौट आया.
सुनील सोरेन ने सरकार पर साधा निशाना
बंद के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार पर युवाओं के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और भविष्य को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस बल का इस्तेमाल किया जाना गंभीर विषय है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी और आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा.
JPSC-JSSC मुद्दे पर सरकार को घेरा
सुनील सोरेन ने JPSC और JSSC-CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र लंबे समय से परीक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के बावजूद सरकार को उनकी शिकायतों का समाधान निकालना चाहिए. सुनील सोरेन ने मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्रियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेना सरकार की जिम्मेदारी है.
कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल
पूर्व सांसद ने इस मामले में कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार में सहयोगी है, इसलिए छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और JPSC-JSSC विवाद को लेकर पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी. पार्टी का दावा है कि परीक्षा में पारदर्शिता, युवाओं के अधिकार और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट : पंचम झा

