1.37 करोड़ की धोखाधड़ी के बीच ‘फॉर्च्यूनर’ की एंट्री! दुमका में बकरी पालन योजना में कार को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?

रीयल वर्ल्ड एसेट्स (RWA) की कथित बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला इन दिनों दुमका में चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू ने विनोद सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई

दुमका: रीयल वर्ल्ड एसेट्स (RWA) की कथित बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला इन दिनों दुमका में चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू ने विनोद सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके कुछ ही दिनों बाद प्राथमिकी में आरोपी बनाई गई सुष्मिता सोरेन ने डॉ. अंजुला समेत दस लोगों के खिलाफ दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

आरोप-प्रत्यारोप के बीच अचानक ‘फॉर्च्यूनर’ की चर्चा

दोनों पक्षों की प्राथमिकी और आरोप प्रत्यारोप के बीच अब एक फॉर्च्यूनर कार भी पूरे मामले में चर्चा का नया केंद्र बन गई है. कार फिलहाल डॉ. अंजुला मुर्मू के पास होने की बात कही जा रही है. कार से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

वायरल वीडियो में डॉ अंजुला को चाबी सौंपते नजर आ रहे विनोद सिंह

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रीयल वर्ल्ड एसेट्स का लोगो दिखाई दे रहा है. वीडियो में विनोद सिंह द्वारा डॉ. अंजुला मुर्मू को फॉर्च्यूनर कार की चाबी सौंपते हुए दिखाया गया है. इसके बाद केक काटते और एक दूसरे को खिलाते हुए लोग नजर आ रहे हैं. वीडियो पर अंग्रेजी में लिखा है “Congratulations! On your first car achiever. Dr. Anjula Murmu, Proud owner of brand new Fortuner.”

हालांकि, The News Post वायरल वीडियो और फोटो की पुष्टि नहीं करता है. दूसरे वीडियो में ड्राइविंग सीट पर विनोद, बगल में डॉ. अंजुला, एक अन्य वायरल वीडियो में शोरूम से फॉर्च्यूनर कार चलाकर बाहर निकलते हुए विनोद सिंह दिखाई दे रहे हैं. बगल की सीट पर डॉ. अंजुला मुर्मू बैठी नजर आती हैं. वीडियो में दोनों बेहद खुश दिखाई दे रहे हैं.

कार मिलने के बाद होटल में ‘ग्रैंड पार्टी’ का भी दावा

वायरल फोटो के साथ दावा किया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर कार मिलने के बाद शहर के एक होटल में ग्रैंड पार्टी आयोजित की गई थी. फोटो में डॉ. अंजुला मुर्मू का माला पहनाकर स्वागत किए जाने का दावा है. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में RWA से जुड़े कई लोग शामिल हुए और सभी ने साथ बैठकर भोजन किया.

कार खरीदना बड़ी बात नहीं, लेकिन इस मामले में सवाल बड़ा है!

निश्चित तौर पर डॉ. अंजुला मुर्मू के लिए फॉर्च्यूनर खरीदना अपने आप में कोई असामान्य बात नहीं है. वह स्वयं प्रोफेसर हैं और उनके पति इंजीनियर हैं. पहले से ही उनके पास कार है. लिहाजा सिर्फ महंगी कार होने को किसी आर्थिक अनियमितता का प्रमाण नहीं माना जा सकता.

फिर कैमरे के सामने चुप्पी क्यों?

इस पूरे विवाद में डॉ. अंजुला मुर्मू कैमरे के सामने कुछ भी कहने से फिलहाल बच रही हैं. हालांकि, ऑफ द रिकॉर्ड उन्होंने इतना जरूर कहा कि रीयल वर्ल्ड एसेट्स नामक कंपनी ने उन्हें फंसा दिया और उनकी छवि धूमिल करने की गहरी साजिश रची गई.

कंपनी भरती थी EMI? कार को लेकर सामने आया बड़ा दावा

बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर कार डॉ. अंजुला मुर्मू ने कुछ डाउन पेमेंट देकर खरीदी थी. दावा है कि कंपनी की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया था कि कार की मासिक EMI रीयल वर्ल्ड एसेट्स द्वारा जमा की जाएगी.

दो महीने EMI के बाद कंपनी ‘गायब’?

दावे के मुताबिक, कंपनी ने करीब दो महीने तक कार की EMI का भुगतान किया, लेकिन इसके बाद 13 अगस्त से रीयल वर्ल्ड एसेट्स कथित तौर पर इंटरनेट प्लेटफॉर्म से गायब हो गई. अब सवाल यह है कि कंपनी और कार की EMI के बीच वास्तव में क्या समझौता था?

क्या कार कंपनी की तरफ से इनाम थी या निजी खरीद?

यही वह सवाल है जो इस पूरे मामले में फॉर्च्यूनर कार को महत्वपूर्ण बना रहा है. क्या कार डॉ. अंजुला मुर्मू की निजी खरीद थी? क्या कंपनी ने EMI भरने का कोई वादा किया था? क्या इसके पीछे कोई लिखित समझौता था? और यदि कंपनी ने भुगतान किया तो किस खाते से और किस आधार पर?

कार की असली कहानी क्या?

फिलहाल वायरल वीडियो, फोटो और अलग अलग पक्षों के दावों के बीच फॉर्च्यूनर की पूरी कहानी स्पष्ट नहीं है. कार किसके नाम पर है, खरीद की रकम का स्रोत क्या था, डाउन पेमेंट किसने किया और EMI का भुगतान किसने किया, इन सवालों का जवाब दस्तावेज और जांच से ही सामने आएगा.

1.37 करोड़ की FIR के बीच फॉर्च्यूनर बनी नया सवाल

RWA की कथित बकरी पालन योजना को लेकर पहले ही दो प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं. अब फॉर्च्यूनर कार से जुड़े वीडियो और फोटो ने मामले में एक नया अध्याय जोड़ दिया है.

आखिर फॉर्च्यूनर सिर्फ एक निजी कार है या RWA विवाद की कोई महत्वपूर्ण कड़ी?

इस सवाल का जवाब फिलहाल रहस्य है. कार की असली हकीकत और पूरे लेन-देन की तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी, लेकिन दुमका के चौक चौराहों पर फॉर्चूनर कार की खूब चर्चा हो रही है.

रिपोर्ट: पंचम झा