दुमका: युवती की अस्मत पर हमला, जबरन उतरवाए कपड़े और बनाया अश्लील वीडियो, छह गिरफ्तार
दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक रूप से की गई शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है. खेत से धान काटकर घर लौट रही 20 वर्षीय युवती को रास्ते में घेरकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, जबरन कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं.
dumka: दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक रूप से की गई शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है. खेत से धान काटकर घर लौट रही 20 वर्षीय युवती को रास्ते में घेरकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, जबरन कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं. घटना के बाद पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
खेत से लौटते समय बनाया निशाना
पीड़िता की शिकायत के अनुसार घटना 18 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे की है. युवती खेत में धान काटने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान तिलबरिया मोड़ के पास उसकी मुलाकात अपने मंगेतर से हुई. मंगेतर ने उसे कपड़े खरीदने के लिए कुछ रुपये दिए. इसके बाद युवती अकेले ही घर की ओर निकल पड़ी.
रास्ते में घेरकर की मारपीट और लूटपाट
आरोप है कि रास्ते में झाड़ियों के पास पहले से मौजूद शंकर मांझी और रविंद्र मांझी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ युवती को घेर लिया. आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की तथा मंगेतर द्वारा दिए गए रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए.
जबरन कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए जबरन कपड़े उतरवाए और अश्लील वीडियो व तस्वीरें बना लीं. इसके बाद घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी. इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता जरमुंडी थाना पहुंची और शुक्रवार को लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दयानंद साह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बताए गए शंकर मांझी और रविंद्र मांझी को हिरासत में लिया.
छह आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
पूछताछ और छापेमारी के दौरान पुलिस ने सूरज माल, विकास मांझी, मनोज मांझी और बजरंग पुजहर को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने युवती का वीडियो और तस्वीरें बनाने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त किया है. शनिवार को गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.