दुमका (DUMKA): बंदोबस्त न्यायालय के एक मामले में कथित पक्षपातपूर्ण आदेश को लेकर मंगलवार को बंदोबस्त कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ. फैसले से नाराज एक पक्ष के लोगों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (एएसओ) मनोज कुमार के खिलाफ विरोध जताते हुए उन्हें कार्यालय से खींच कर आयुक्त कार्यालय तक ले गए और मामले की शिकायत की.
भूमि विवाद के फैसले पर उठा विवाद
गोड्डा जिला के महागामा क्षेत्र की रहने वाली सुकरी देवी और उनके परिजनों का आरोप है कि मझौना मौजा स्थित विवादित भूमि से जुड़े एक पुराने वाद में उनकी बातों और दस्तावेजों पर पर्याप्त विचार किए बिना दूसरे के पक्ष में आदेश पारित कर दिया गया.उनका कहना है कि वर्ष 2018 से लंबित वाद की जानकारी उन्हें अंतिम चरण में नोटिस मिलने के बाद हुई थी.परिजनों के अनुसार, भूमि विवाद महागामा अंचल के मझौना मौजा की लगभग छह बीघा 14 कट्ठा जमीन से जुड़ा है, जिसके एक हिस्से का रेलवे द्वारा अधिग्रहण भी किया जा चुका है.इसी कारण भूमि स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है.
आदेश की प्रति नहीं मिलने का आरोप
आरोप है कि मंगलवार को जब संबंधित पक्ष बंदोबस्त कार्यालय पहुंचा और मामले से जुड़े अभिलेख एवं आदेश की प्रति मांगी, तो उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई.एएसओ ने बताया कि केस रिकॉर्ड संबंधित कर्मी के पास है और उसके लौटने के बाद ही दस्तावेज दिखाए जा सकेंगे.
क्या कहना है पीड़ित पक्ष का
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और एएसओ को अपने साथ लेकर आयुक्त कार्यालय पहुंच गए, जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई.
आयुक्त कार्यालय ने मांगे अभिलेख
आयुक्त के सचिव अमित कुमार ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की प्रारंभिक जानकारी ली उन्होंने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित वाद से जुड़े सभी अभिलेख और दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके.
मां बेटी सहित चार लोग हिरासत में
इधर, पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्यालय में हंगामा करने के आरोप में सुकरी देवी, उनकी पुत्री डोली कुमारी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है.पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्या बोले आयुक्त के सचिव
इस बाबत संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त के सचिव अमित कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी. संबंधित वाद के सभी अभिलेख और दस्तावेज मांगे गए हैं। रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट-पंचम झा


