tnp desk : दुमका जिला के रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत जोगिया में संचालित एक निजी स्कूल में छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित है. शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की.
निदेशक के लापता होने से गहराया मामला
इस पूरे मामले में विद्यालय के निदेशक इमानुएल मुर्मू का कई दिनों से लापता बताया जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है. उनके अचानक गायब होने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. छात्राओं के साथ कथित उत्पीड़न और निदेशक के लापता होने की खबर ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
विद्यालय परिसर में ग्रामीणों का हंगामा, प्रबंधन पर उठाए सवाल
विद्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई. उनका कहना था कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है. यदि छात्राओं के साथ किसी तरह का अनुचित व्यवहार हुआ है तो इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए. ग्रामीणों ने विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए.
छात्राओं ने थाने पहुंचकर बताई आपबीती
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब गुरुवार को कुछ छात्राएं रामगढ़ थाना पहुंची थीं. बताया जा रहा है कि छात्राओं ने पुलिस को अपने साथ कथित रूप से हुई घटनाओं की जानकारी दी थी. वहीं, विद्यालय के हॉस्टल इंचार्ज ने इस तरह के किसी मामले की जानकारी होने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में इस प्रकार की घटना हुई है तो यह बेहद गंभीर और शर्मनाक है.
थाना प्रभारी बोले- पुलिस के संज्ञान में है मामला, जांच जारी
इस संबंध में रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है.
शनिवार से स्कूल बंद कराने की ग्रामीणों ने दी चेतावनी
घटना से नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी कि शनिवार से स्कूल का संचालन बंद रखा जाए. उनका कहना है कि जब तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक विद्यालय नहीं चलने दिया जाएगा. स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को विद्यालय का प्रवेश द्वार बंद रखा गया है.
छात्राओं की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच बनी सबसे बड़ी चुनौती
फिलहाल यह मामला छात्राओं की सुरक्षा, विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब पुलिस जांच पर टिकी हैं. जरूरी है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच हो तथा छात्राओं को बिना किसी दबाव के अपनी बात रखने का अवसर मिले.
रिपोर्ट: पंचम झा

