दुमका(DUMKA): जिला के रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान अलग-अलग गांवों में वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बच्ची समेत आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस हो गए. हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. झुलसे लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया.
गिदबन्ना में धान की रोपाई कर रही महिला की मौत
रामगढ़ प्रखंड के गिदबन्ना गांव में धान की रोपाई के दौरान एक परिवार वज्रपात की चपेट में आ गया. हादसे में आलतामुनी मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके पति राजेंद्र मुर्मू और चार वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से झुलस गए.
मां और बेटी के साथ खेत में काम कर रहा था परिवार
बताया गया कि घटना के समय परिवार के सदस्य खेत में धान की रोपाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से आलतामुनी मरांडी की जान चली गई, जबकि उनके पति और मासूम बेटी झुलस गए. घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामगढ़ पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया.
खुदीमेरखो में खेत में काम कर रहे युवक की मौत
वज्रपात की दूसरी घटना छोटी रणबहियार पंचायत के खुदीमेरखो गांव में हुई. यहां करीब 30 वर्षीय बाबूलाल हेम्ब्रम खेत में काम कर रहे थे. ग्रामीणों के अनुसार, उनकी मां कुछ देर पहले खेत से घर लौट गई थीं, जबकि बाबूलाल खेत में ही काम करते रहे. इसी दौरान तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
डुमरजोर में भी आकाशीय बिजली ने ली युवक की जान
तीसरी घटना कांजो पंचायत के डुमरजोर गांव में हुई. यहां खेत में काम कर रहे करीब 35 वर्षीय रोहित कुंअर, पुत्र भैरो कुंअर, वज्रपात की चपेट में आ गए. परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आलूबाड़ा में दो महिलाएं भी वज्रपात से झुलसीं
छोटी रणबहियार पंचायत के आलूबाड़ा गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाएं झुलस गईं जिसकी पहचान बबिता देवी, पति शिवाजी यादव और चिंता देवी, पति नकुल यादव के रूप में हुई है. दोनों का इलाज स्थानीय निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है.
एक ही दिन तीन मौतों से क्षेत्र में शोक
रामगढ़ प्रखंड में मंगलवार को अलग अलग स्थानों पर हुई वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है. लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच हुए इन हादसों से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों और घायलों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
