दुमका: रातभर ग्रामीणों के कब्जे में रहे कंपनी के जीएम, बेरहमी से पिटाई, पहले तालाब में फेंका फिर मृत समझकर गाड़ी में छोड़ा
दुमका जिला शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा में कोल ब्लॉक की डीप बोरिंग के विरोध ने रविवार की रात खौफनाक रूप ले लिया. ग्रामीणों के कब्जे में रातभर रहे सेनर्जी जिओ टैग कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा के साथ ऐसी बर्बरता की गई कि उन्हें मृत समझकर उनकी ही गाड़ी में छोड़ दिया गया
Dumka: दुमका जिला शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा में कोल ब्लॉक की डीप बोरिंग के विरोध ने रविवार की रात खौफनाक रूप ले लिया. ग्रामीणों के कब्जे में रातभर रहे सेनर्जी जिओ टैग कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा के साथ ऐसी बर्बरता की गई कि उन्हें मृत समझकर उनकी ही गाड़ी में छोड़ दिया गया. आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके कपड़े फाड़ दिए, बेरहमी से मारपीट की और तालाब में डुबोया. सुबह जब उन्हें गाड़ी में रखा गया, तब वह बेहोशी की हालत में थे. इस पूरे घटनाक्रम ने विरोध की आड़ में हुई हिंसा की गंभीरता को उजागर कर दिया है.

बंधक बनाकर रातभर की गई मारपीट
हरियाणा पावर जेनरेशन कारपोरेशन लिमिटेड यानी एचपीजीसीएल को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक में डीप बोरिंग का काम सेनर्जी जिओ टैग कंपनी को सौंपा गया है. इसी सिलसिले में कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा घटनास्थल पहुंचे थे. ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और जीएम के साथ मारपीट शुरू कर दी गई. आरोप है कि उन्हें पूरी रात बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया. सुबह उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि हमलावरों ने उन्हें मृत समझकर गाड़ी में छोड़ दिया.

निजी चालक अखिलेश पाल का कोई सुराग नहीं
इस घटना में सबसे बड़ा सवाल कंपनी के जीएम के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को लेकर है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह लापता है. उसकी तलाश की जा रही है. आखिर चालक कहां गया, उसके साथ क्या हुआ और वह किन परिस्थितियों में लापता हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
डीप बोरिंग के विरोध में भड़की हिंसा
बताया जाता है कि कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण के तहत डीप बोरिंग कराई जानी थी. इसके लिए अंचल राजस्व न्यायालय ने 22 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे ग्रामसभा आयोजित करने का नोटिस जारी किया था. इसी सिलसिले में कंपनी के अधिकारियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. मामला इतना बिगड़ा कि कंपनी के जीएम को बंधक बना लिया गया. सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया, लेकिन रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए.
सवालों के घेरे में बाहरी लोगों की भूमिका
घटना के दौरान पश्चिम बंगाल के कुछ लोगों की मौजूदगी की भी चर्चा है. आरोप है कि इन लोगों ने ग्रामीणों को उकसाने का काम किया. ऐसे में जांच का विषय है कि स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के बीच बाहरी लोग किस उद्देश्य से पहुंचे थे और क्या हिंसा भड़काने में उनकी कोई भूमिका थी. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
विरोध का अधिकार, लेकिन हिंसा की इजाजत किसने दी?
कोल ब्लॉक परियोजनाओं को लेकर ग्रामीणों की आशंकाएं और विरोध अपनी जगह हैं. ग्रामसभा, जमीन, पर्यावरण और आजीविका से जुड़े सवालों का समाधान करना प्रशासन और कंपनी की जिम्मेदारी है. लेकिन किसी अधिकारी को रातभर बंधक बनाना, उसके साथ अमानवीय व्यवहार करना और पुलिस बल पर हमला करना किसी भी स्थिति में जायज नहीं ठहराया जा सकता. शिकारीपाड़ा की घटना ने दुमका में कानून-व्यवस्था और औद्योगिक परियोजनाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
खनिज संपदा के बावजूद उद्योगों की राह में हिंसा
झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन औद्योगिक विकास की राह बार-बार ऐसे विवादों में उलझ जाती है. शिकारीपाड़ा की घटना ने फिर सवाल खड़ा किया है कि जब सर्वे और डीप बोरिंग के स्तर पर ही हालात इतने भयावह हो सकते हैं, तो भविष्य में खनन और औद्योगिक गतिविधियां कैसे संचालित होंगी? आखिर विकास, स्थानीय सहमति और कानून-व्यवस्था के बीच संतुलन कायम करने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?