रक्षाबंधन विशेष: छात्रों की अनूठी पहल, पेड़ों को बांधी राखी, लिया प्रकृति की रक्षा का संकल्प
दुमका के डुमरथर स्कूल में रक्षाबंधन से पहले विद्यार्थियों ने पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वृक्षों की रक्षा व पौधरोपण का संकल्प लिया.
दुमका: दुमका जिला के जरमुंडी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुमरथर में रक्षाबंधन के पूर्व विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया. बच्चों ने पेड़ों को तिलक लगाया, रक्षा सूत्र बांधा और प्रकृति को नमन किया.
पेड़ों पर बांधी राखी, संरक्षण का लिया संकल्प
विद्यार्थियों ने पेड़ों की रक्षा करने, वृक्षों की कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का सामूहिक संकल्प लिया. बच्चों ने संदेश दिया कि पेड़ केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार है.
प्रधानाध्यापक के नवाचार से बंजर भूमि में लौट रही हरियाली
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. सपन कुमार के नेतृत्व में विद्यालय और आसपास की बंजर भूमि को हरित क्षेत्र में बदलने की मुहिम लगातार जारी है. पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है.
एक पेड़ मां के नाम से बच्चों में जग रही हरियाली की भावनाएक पेड़ मां के नाम सहित विभिन्न अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों को पौधरोपण से जोड़ा जा रहा है. बच्चों को पौधों को परिवार के सदस्य की तरह अपनाकर उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
राखी के धागे से प्रकृति के साथ जोड़ा भावनाओं का रिश्ता
प्रधानाध्यापक डॉ. सपन कुमार ने कहा कि पेड़ों को राखी बांधना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ भावनात्मक रिश्ता जोड़ने की पहल है. जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी तरह मनुष्य को भी जीवनदायिनी वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए.
ईको क्लब और बाल संसद बना रहे बच्चों को पर्यावरण प्रहरी
विद्यालय के ईको क्लब और बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है. उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है.
पेड़ बचाएंगे, पौधे लगाएंगे, बच्चों ने लिया हरित भविष्य का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे पेड़ों की रक्षा करेंगे, अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनकी नियमित देखभाल करेंगे. बच्चों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और सुरक्षित धरती बनाने का संदेश दिया.
शिक्षकों के साथ ईको क्लब और बाल संसद के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक डॉ. सपन कुमार, शिक्षक अनुज कुमार मंडल, सुखलाल मुर्मू, भरत, शशिभूषण, ईको क्लब एवं बाल संसद के सदस्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट:पंचम कुमार झा