दुमका: जहर खाने जा रहा हूं, बचा लो’... डॉक्टर के व्हाट्सएप स्टेटस से मचा हड़कंप, होटल पहुंचे परिजन और पुलिस
दुमका: एक चिकित्सक के व्हाट्सएप स्टेटस ने मंगलवार को अचानक हड़कंप मचा दिया. चिकित्सक डॉ. मनीष भारती ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा, ‘जहर खाने जा रहा हूं, बचा लो.’ इस संदेश को देखते ही उनके परिचितों और शुभचिंतकों के बीच चिंता बढ़ गई
दुमका: एक चिकित्सक के व्हाट्सएप स्टेटस ने मंगलवार को अचानक हड़कंप मचा दिया. चिकित्सक डॉ. मनीष भारती ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा, ‘जहर खाने जा रहा हूं, बचा लो.’ इस संदेश को देखते ही उनके परिचितों और शुभचिंतकों के बीच चिंता बढ़ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता जतीन कुमार ने तत्काल उनके परिजनों को इसकी सूचना दी. साथ ही पुलिस को भी मामले से अवगत कराया.
होटल के कमरे तक पहुंचे परिजन और पुलिस
सूचना मिलते ही परिजन आनन फानन में दुमका पुलिस लाइन के समीप स्थित होटल हैरिटेज पहुंचे. बताया गया कि डॉ. मनीष भारती होटल के कमरा नंबर 108 में ठहरे हुए थे. परिजनों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची और उनसे संपर्क कर स्थिति समझने का प्रयास किया. डॉक्टर के स्टेटस में जहर खाने की बात लिखे होने के कारण सभी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे.
आखिर क्यों उठाया ऐसा कदम, वजह स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिकित्सक के इस संदेश के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. मामले को लेकर परिजन और पुलिस स्थिति समझने का प्रयास कर रहे थे. समाचार लिखे जाने तक उन्हें समझाने बुझाने की कोशिश जारी थी. वहीं उनके द्वारा किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है. उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
एक स्टेटस ने बढ़ाई सभी की चिंता
चिकित्सक के एक सोशल मीडिया स्टेटस ने जिस तरह परिजनों, परिचितों और पुलिस को तत्काल सक्रिय कर दिया, उससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. फिलहाल सभी की नजरें चिकित्सक की स्थिति और इस संदेश के पीछे की वजह पर टिकी हैं.