दुमका: हादसों से मची अफरातफरी, दो सड़क दुर्घटना में एक दर्जन घायल, दो की हालत गंभीर

रामगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को अलग अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए. इनमें दो बाइक सवारों की हालत गंभीर बताई गई है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया.

दुमका: हादसों से मची अफरातफरी, दो सड़क दुर्घटना में एक दर्जन घायल, दो की हालत गंभीर

दुमका: जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को अलग अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए.  इनमें दो बाइक सवारों की हालत गंभीर बताई गई है.  प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया.  लगातार हुए हादसों से इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा.

न्यारा पेट्रोल पंप के पास तीन वाहनों की टक्कर

पहली दुर्घटना जोगिया रोड स्थित न्यारा पेट्रोल पंप के पास हुई.  जानकारी के अनुसार बजाज पल्सर बाइक (जेएच 04 एई 6892) की एक टेंपो से टक्कर हो गई.  इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने भी टेंपो को ठोकर मार दी.  बताया जाता है कि टेंपो में करीब दस यात्री सवार थे.

दो बाइक सवारों की हालत गंभीर

हादसे में बाइक सवार करुडीह निवासी सुखलाल मुर्मू और अनूप महली गंभीर रूप से घायल हो गए.  दोनों के पैर में चोट लगने की सूचना है.  टेंपो में सवार प्रेमांती कुमारी, मनोज कुमार, मक्लू हांसदा सहित अन्य यात्री भी घायल हुए.  सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बाइक सवारों को दुमका रेफर कर दिया गया.

हादसे के बाद वाहन लेकर निकल गए चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद बोलेरो और टेंपो मौके से चले गए.  सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.  पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

बिजली कार्यालय के पास बाइक और स्कूटी में भिड़ंत

दूसरी दुर्घटना रामगढ़ बिजली कार्यालय के समीप हुई, जहां बाइक और स्कूटी की आमने सामने टक्कर हो गई.  जानकारी के अनुसार बसमत्ता निवासी मनोज राय बाइक से पहाड़पुर स्थित अपनी दीदी के घर जा रहे थे.  इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक टकरा गई.  स्कूटी पर एक महिला सवार थी.  इस हादसे में घायल लोगों की स्थिति और चोट के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी.

विजयादशमी मेले के बीच यातायात व्यवस्था पर सवाल

रामगढ़ दुर्गा मंदिर के समीप विजयादशमी मेले में भी लोगों की भीड़ जुट रही है.  ऐसे में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.  स्थानीय लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत बताई है.