दुमका:भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, इंडी गठबंधन पर बरसे बाबूलाल और चंपाई
दुमका में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई. शहर के यज्ञ मैदान से शुरू हुई इस पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, सीता सोरेन, गणेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
DUMKA: पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को भाजपा की ओर से दुमका में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई. शहर के यज्ञ मैदान से शुरू हुई इस पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, सीता सोरेन, गणेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यज्ञ मैदान से पदयात्रा शुरू कर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिंधी चौक तक मार्च किया.
सिंधी चौक पर सभा कर इंडी गठबंधन पर साधा निशाना
सिंधी चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने पदयात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट किया और कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं. देश की जनता ने इंडी गठबंधन को नकार दिया है. राहुल गांधी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कभी नहीं बैठ सकते, इसलिए विपक्षी दल तरह-तरह के मुद्दे उठाकर हंगामा कर रहे हैं.
ईवीएम, वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह भारत है, नेपाल या बांग्लादेश नहीं. देश की जनता ने वर्ष 2014 में ही नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंप दी थी. तभी से राहुल गांधी के पेट में दर्द हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी ईवीएम हैक होने का आरोप लगाती है, तो कभी फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने की बात करती है. कभी वोट चोरी का मुद्दा उठाया जाता है, तो कभी एसआईआर के विरोध में अनर्गल बयानबाजी की जाती है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से केवल उन्हीं लोगों के नाम हटेंगे, जिन्हें गलत तरीके से सूची में शामिल किया गया है.
झारखंड सरकार पर लगाया खनिज संपदा की लूट और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में चारों तरफ अराजकता का माहौल है. राज्य की खनिज संपदा की लूट मची हुई है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज नहीं रह गई है. स्थिति यह है कि अब थाने में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने प्रतिभा को बेचे जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है.
चंपाई सोरेन बोले- एसआईआर का उद्देश्य वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पहली बार नहीं हो रहा है. समय समय पर यह प्रक्रिया अपनाई जाती रही है, जिसका उद्देश्य वास्तविक मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित होने से बचाना है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में समय-समय पर गड़बड़ियां सामने आती रहती हैं. ऐसे में सूची का पुनरीक्षण जरूरी है, ताकि वास्तविक मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें.
बांग्लादेशी घुसपैठ और आदिवासी की आबादी में गिरावट पर उठाए सवाल
चंपाई सोरेन ने संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ की आशंका जताते हुए कहा कि इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने आदिवासी आबादी में लगातार हो रही गिरावट पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर संताल परगना में आदिवासियों की संख्या क्यों घट रही है, यह गंभीर और विचारणीय विषय है. उन्होंने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण और वास्तविक मतदाताओं की पहचान को जरूरी बताया.