दुमका:मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर भड़के भानु, स्वास्थ्य मंत्री को दी चापाकल में डूबकर मर जाने की नसीहत

TNP Desk :  दुमका पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही गुरुवार को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल देखने पहुंच गए.अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला.इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को लेकर एक विवादित टिप्पणी भी की.उन्होंने कहा कि अभी वर्षा नहीं हुई है, इसलिए हो सकता है नदी और तालाब में पानी न हो, कुवां भी सूखी पड़ी हो, इसलिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को चापाकल में डूबकर मर जाना चाहिए.

अस्पताल की दुर्व्यवस्था पर जताई नाराजगी

मीडिया से बातचीत में भानु प्रताप शाही ने कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थिति बेहद चिंताजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल की वर्तमान स्थिति स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

दुमका के अस्पताल से बताया पुराना जुड़ाव

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस अस्पताल से उनका पुराना संबंध रहा है.मेडिकल कॉलेज का एनओसी भी उन्हीं के समय में दिया गया था. उन्होंने बताया कि गुरुजी शिबू सोरेन के साथ मिलकर इस संस्थान का शिलान्यास किया गया था.लंबे समय बाद दुमका आने पर वह अस्पताल की प्रगति और वर्तमान स्थिति देखने पहुंचे थे.

सीएम हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन पर भी साधा निशाना

भानु प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दुमका विधायक बसंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि उपराजधानी दुमका में स्थित मेडिकल कॉलेज की स्थिति निराशाजनक है.उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में पिछले कई महीनों से अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाता है.

राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस को घेरा

राज्यसभा चुनाव के मुद्दे पर भी भानु प्रताप शाही ने कांग्रेस पर हमला बोला.उन्होंने कहा कि विधान सभा के भीतर हाल के घटनाक्रम कांग्रेस की आंतरिक स्थिति को दर्शाता हैं.उनके अनुसार कांग्रेस संगठनात्मक संकट से गुजर रही है और इसी कारण उसके नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने गए है.

हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर दिया बयान

कांग्रेस द्वारा हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाए जाने पर भानु प्रताप शाही ने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग का अर्थ घोड़ा के खरीद-फरोख्त से है.उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने विधायकों को "घोड़ा" मानती है. इसी संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए अपने विधायकों को संभालकर रखने की सलाह दी.

परिमल नाथवानी की जीत का किया दावा

भाजपा समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी के समर्थन में बोलते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि व्यापक विचार विमर्श के बाद भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया है.उन्होंने दावा किया कि परिमल नाथवानी पिछले चुनाव की तुलना में अधिक मतों से जीत दर्ज कर राज्यसभा पहुंचेंगे.

राजनीतिक बयान पर बढ़ सकती है सियासत

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को लेकर की गई भानु प्रताप शाही की टिप्पणी अब राजनीतिक बहस का विषय बन सकती है. विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच इस बयान को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है, जबकि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में आ गया है.