दुमका:17वीं राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन, डॉ लुईस मरांडी ने विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
कमार दुधानी स्थित आर्चरी अकादमी में दो दिवसीय 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड तीरंदाजी संघ एवं दुमका जिला तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.
दुमका: कमार दुधानी स्थित आर्चरी अकादमी में दो दिवसीय 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड तीरंदाजी संघ एवं दुमका जिला तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.
डॉ लुईस मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी शामिल हुईं. उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तीरंदाजी झारखंड की पारंपरिक पहचान से जुड़ा होने के साथ साथ ओलंपिक खेल भी है. ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल रहा है.
रीकर्व वर्ग में गोल्डी और खुशी का जलवा
प्रतियोगिता के जूनियर रीकर्व वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में टाटा आर्चरी एकेडमी के गोल्डी मिश्रा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में टाटा आर्चरी एकेडमी की खुशी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. रीकर्व मिक्स्ड टीम स्पर्धा में गोल्डी मिश्रा और खुशी कुमारी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की.

इंडियन राउंड में पश्चिमी सिंहभूम और रांची का दबदबा
जूनियर इंडियन राउंड की पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में पश्चिमी सिंहभूम के योगेंद्र हेस्सा ने प्रथम स्थान हासिल किया. महिला वर्ग में रांची की बेबी कुमारी विजेता रहीं. इंडियन राउंड पुरुष टीम स्पर्धा में पश्चिमी सिंहभूम और महिला टीम स्पर्धा में रांची की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
कंपाउंड वर्ग में दुमका के प्रकाश मांझी ने जीता रजत
जूनियर कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में ईस्ट सिंहभूम के दिवांशु सिंह चंद्रवंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता. वहीं मेजबान दुमका के प्रकाश मांझी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया. महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में रिया कुमारी विजेता रहीं.
कंपाउंड टीम स्पर्धा में ईस्ट सिंहभूम का दबदबा
कंपाउंड टीम स्पर्धाओं में ईस्ट सिंहभूम के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. जूनियर कंपाउंड पुरुष टीम और महिला टीम, दोनों वर्गों में ईस्ट सिंहभूम की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता.
राज्यभर से पहुंचे युवा तीरंदाज
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों एवं तीरंदाजी इकाइयों से पहुंचे जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी सटीक निशानेबाजी और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली.
दुमका के खेल मानचित्र पर जुड़ा एक और अध्याय
कुमरदुधानी स्थित आर्चरी एकेडमी में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता ने दुमका को युवा तीरंदाजों के लिए एक महत्वपूर्ण खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया. आयोजन ने स्थानीय खिलाड़ियों को भी राज्यस्तर के प्रतिभाशाली तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी क्षमता परखने का अवसर दिया.
राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ेंगी प्रतिभाएं
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं झारखंड की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का मजबूत आधार तैयार करती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और जिला तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों की भूमिका की सराहना की गई. समापन के साथ ही 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 दुमका के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ गई.