सावन की दूसरी सोमवारी पर बासुकीनाथ मंदिर में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़,‘बोल बम’ से गूंजा मंदिर परिसर

सावन की दूसरी सोमवारी पर बासुकीनाथ मंदिर में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़,‘बोल बम’ से गूंजा मंदिर परिसर

दुमका (DUMKA) : सावन का पावन महीना शिव उपासना के लिए बेहद खास माना जाता है. खासकर सोमवार का दिन देवाधिदेव महादेव को अतिप्रिय है. यही वजह है कि सोमवार को शिवलिंग पर जलार्पण के लिए शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ती है.

सावन महीने का दूसरा सोमवार

आज सावन महीने का दूसरा सोमवार है. इस मौके पर दुमका के विश्व प्रसिद्ध बासुकीनाथ धाम मंदिर में फौजदारी बाबा पर जलार्पण के लिए शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. देर रात से ही श्रद्धालु जलार्पण के लिए कतारबद्ध होने लगे. सरकारी पूजा के बाद मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. अरघा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है.

प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

सोमवार को उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. डीसी, एसपी, एसडीओ सहित तमाम पदाधिकारी व्यवस्था की कमान संभाले हुए है. जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि देश विदेश से यहां आने वाले श्रद्धालु सुगम जलार्पण के साथ सुखद अनुभूति लेकर वापस लौटे. प्रशासनिक व्यवस्था से श्रद्धालु काफी खुश नजर आ रहे है. पूरा मेला परिसर केसरिया वस्त्रधारी से पटा हुआ है. हर तरफ बोल बम और हर हर महादेव के नारे गूंज रहे है.

राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव

ज्ञात हो कि बासुकीनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव चल रहा है. मासव्यापी मेला में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच कर फौजदारी बाबा पर जलार्पण करते है. श्रद्धालु सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करते है उसके बाद बासुकीनाथ धाम आते है. सोमवार को काफी संख्या में श्रद्धालु बरारी घाट से जल भरकर डाक बम के रूप में बासुकीनाथ धाम मंदिर आते है.