Breaking: देवघर से घर लौट रहे कार सवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान; गोली छूकर निकली
दुमका के सरैयाहाट में मोरियार गांव के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. देवघर से घर लौट रहे नितेश पाठक बाल-बाल बच गए. एक गोली उन्हें छूकर निकल गई, जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दुमका: जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने एक कार सवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. कोठिया-तालझारी मुख्य मार्ग पर मोरियार गांव के समीप बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने कार को निशाना बनाते हुए तीन राउंड गोलियां चलाईं. इस हमले में कार सवार नितेश पाठक बाल-बाल बच गए. हालांकि, एक गोली उन्हें छूकर निकल गई, जबकि गोलीबारी में कार का शीशा और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
देवघर से घर लौटने के दौरान हमला
जानकारी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी नितेश पाठक अपने गांव के ही पंकज मिश्रा के साथ सोमवार रात देवघर से कार में सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान कोठिया से तालझारी जाने वाले मुख्य मार्ग पर मोरियार गांव के समीप बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार को निशाना बना लिया. दोनों अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई.
गोली छूकर निकली, पुलिस को दी सूचना
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने कार पर तीन राउंड फायरिंग की. इस दौरान एक गोली नितेश पाठक को छूकर निकल गई. घटना के बाद उन्होंने कार रोककर तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया.
घटनास्थल से खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान गोली का एक खोखा बरामद किया है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, अब तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
टाटा मोटर्स में कार्यरत हैं नितेश पाठक.
बताया जाता है कि नितेश पाठक देवघर स्थित टाटा मोटर्स में ईडीपी पद पर कार्यरत हैं. वह रोजाना अपने गांव से देवघर आना-जाना करते हैं. सोमवार रात भी वह अपने नियमित सफर पर थे, तभी अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी.खबर लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल पर जांच-पड़ताल कर रही थी. अपराधियों की गिरफ्तारी और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.