दुमका में तीरंदाजों का निशाना,जयपुर में झारखंड का करेंगे प्रतिनिधित्व
दुमका के कमार दुधानी स्थित आर्चरी अकादमी शनिवार को युवा तीरंदाजों की प्रतिभा का गवाह बनी. यहां आयोजित 17वीं झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य भर से करीब 250 युवा तीरंदाज अपनी निशानेबाजी का हुनर आजमा रहे हैं.
दुमका(DUMKA): दुमका के कमार दुधानी स्थित आर्चरी अकादमी शनिवार को युवा तीरंदाजों की प्रतिभा का गवाह बनी. यहां आयोजित 17वीं झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य भर से करीब 250 युवा तीरंदाज अपनी निशानेबाजी का हुनर आजमा रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी, सांसद नलिन सोरेन, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा समेत अन्य अधिकारियों ने किया. दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा.

जयपुर में झारखंड का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. चयनित खिलाड़ी 22 अक्टूबर से जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. ऐसे में दुमका में हो रही इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए सिर्फ पदक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की चुनौती भी है.

सीमित संसाधनों में बेहतर आयोजन का दावा
उद्घाटन समारोह में जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि दुमका के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है कि राज्य के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज यहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रयास किया जा रहा है कि खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को किसी तरह की परेशानी न हो. सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है.

दुमका में राज्य स्तरीय मंच मिलने पर जोर
सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि दुमका की धरती पर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है. इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मंच मिलता है.
खिलाड़ियों ने व्यवस्था को सराहा
प्रतियोगिता में शामिल राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज भी दुमका की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए. प्रतिभागियों ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल देती हैं और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं.
कम्पाउंड, रिकर्व और इंडियन राउंड में चयन
प्रतियोगिता के चीफ जज हरेंद्र सिंह ने बताया कि कम्पाउंड, रिकर्व और इंडियन राउंड में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया जाएगा. चयनित टीम 22 अक्टूबर से जयपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी. लिहाजा रविवार को होने वाला समापन मुकाबला खिलाड़ियों के लिए खासा अहम रहेगा.

अब निशाना राष्ट्रीय मंच पर
कमार दुधानी की आर्चरी अकादमी में जुटे करीब 250 युवा तीरंदाजों के निशाने अब सिर्फ लक्ष्य पर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मंच पर भी टिके हैं. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के बाद जिन खिलाड़ियों को जयपुर का टिकट मिलेगा, उनसे झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. अब देखना होगा कि दुमका से निकले ये युवा तीरंदाज जयपुर में अपने सटीक निशाने से कितना कमाल दिखा पाते हैं.
रिपोर्ट: पंचम झा