एसआईआर के दुरुपयोग का आरोप, तत्काल लगे अंतरिम रोक : प्रदीप यादव

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर इसके दुरुपयोग का आरोप लगाया है. शुक्रवार को दुमका जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोड़ैयाहाट विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने एसआईआर पर तत्काल अंतरिम रोक लगाने की मांग की.

एसआईआर के दुरुपयोग का आरोप, तत्काल लगे अंतरिम रोक : प्रदीप यादव

दुमका(DUMKA): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर इसके दुरुपयोग का आरोप लगाया है. शुक्रवार को दुमका जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोड़ैयाहाट विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने एसआईआर पर तत्काल अंतरिम रोक लगाने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एसआईआर की प्रक्रिया के विरोध में नहीं, बल्कि इसके दुरुपयोग के खिलाफ है. यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मतदान के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है.

देश में वोट के अधिकार को लेकर दो धाराएं : प्रदीप यादव

 प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि देश आज दो धाराओं में बंट गया है. एक धारा जनता के वोट देने के अधिकार को छीनना चाहती है, जबकि दूसरी धारा इस अधिकार को बचाने की लड़ाई लड़ रही है. उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे सुरक्षित रखना जरूरी है.

चुनाव आयुक्त की नियुक्ति व्यवस्था में बदलाव पर सवाल

प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद चुनावी व्यवस्था में बदलाव के प्रयास तेज हुए. उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले चयन व्यवस्था में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की भूमिका थी, लेकिन बाद में मुख्य न्यायाधीश की जगह केंद्रीय गृह मंत्री को शामिल किया गया. यह बदलाव चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर चिंता पैदा करता है.

चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण पर भी उठाए सवाल

प्रदीप यादव ने चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने वाले प्रावधानों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे उनकी जवाबदेही कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए.

एसआईआर के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई

प्रदीप यादव ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करना होना चाहिए, न कि लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित करना. उन्होंने एसआईआर पर तत्काल अंतरिम रोक लगाने की मांग दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए विरोध कर रही है.

रिपोर्ट: पंचम झा