1.37 करोड़ के बाद अब ऑनलाइन ट्रेडिंग का ‘खेल’! दुमका में Aurora EX को लेकर मचा हड़कंप

दुमका में ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा एक और कथित फर्जीवाड़ा चर्चा में आ गया है. इस बार कम समय में बेहतर मुनाफे का लालच देकर लोगों से निवेश कराने वाले Aurora EX प्लेटफॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

1.37 करोड़ के बाद अब ऑनलाइन ट्रेडिंग का ‘खेल’! दुमका में Aurora EX को लेकर मचा हड़कंप

दुमका: रीयल वर्ल्ड एसेट्स के जरिए बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दुमका में ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा एक और कथित फर्जीवाड़ा चर्चा में आ गया है. इस बार कम समय में बेहतर मुनाफे का लालच देकर लोगों से निवेश कराने वाले Aurora EX प्लेटफॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं. चर्चा है कि शहर और आसपास के सैकड़ों लोग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े थे और लाखों रुपये का निवेश किया गया है.

Image

WhatsApp से नेटवर्क, ट्रेडिंग के नाम पर निवेश

जानकारी के अनुसार लोगों को WhatsApp के माध्यम से Aurora EX से जोड़ा जाता था.निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिए जाने की बात सामने आ रही है.शुरुआत में प्लेटफॉर्म पर मुनाफा दिखाई देने और कुछ निवेशकों को रकम निकालने में सफलता मिलने से लोगों का भरोसा बढ़ा.इसके बाद नए सदस्यों को जोड़ने का सिलसिला भी तेज होता गया.

पहले भरोसा बढ़ा, फिर बढ़ता गया निवेश

बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में जब खाते में मुनाफा दिखाई देता था और निकासी संभव थी, तो निवेशकों को प्लेटफॉर्म पर विश्वास होने लगा.इसी भरोसे में कई लोगों ने अपनी निवेश राशि बढ़ाई. कुछ लोगों ने कथित तौर पर अपने परिचितों और रिश्तेदारों को भी इस नेटवर्क से जोड़ दिया.

Image

Lin’ नाम का संपर्क और 4,453 फॉलोअर्स वाला चैनल

इस पूरे नेटवर्क से जुड़े ऑनलाइन संपर्कों में “Lin” नाम का WhatsApp संपर्क (@Ruoxilin1992) भी सामने आने की बात कही जा रही है.वहीं “Aurora EX Exclusive Channel” नाम से एक WhatsApp चैनल संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है.इस चैनल से 4,453 फॉलोअर्स जुड़े दिखाई दे रहे हैं. हालांकि इन संपर्कों और चैनल की वास्तविक भूमिका की पुष्टि अभी नहीं हुई है.

ट्रेडिंग सिग्नल से लेकर रेफरल कमाई तक

बताया जा रहा है कि सदस्यों को ट्रेडिंग से संबंधित सिग्नल और दिशा निर्देश ऑनलाइन माध्यमों से दिए जाते थे. इसके साथ ही नए लोगों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर रेफरल कमीशन और अतिरिक्त कमाई का भरोसा दिए जाने की बात भी सामने आई है.इसी वजह से नेटवर्क में लगातार नए लोगों के जुड़ने की चर्चा है.

Image

28 अगस्त के बाद अचानक Withdrawal बंद!

मामला तब गंभीर हो गया, जब निवेशकों के मुताबिक 28 अगस्त 2026 के आसपास Aurora EX से पैसे की निकासी अचानक बंद हो गई.निवेशकों को रकम निकालने में परेशानी होने लगी. इस दौरान तकनीकी समस्या का हवाला देकर जल्द व्यवस्था सामान्य होने का भरोसा दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन निकासी शुरू नहीं होने से निवेशकों की बेचैनी बढ़ती गई.

 खाते में दिखता रहा मुनाफा, हाथ में नहीं आई रकम?

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर खाते में निवेश और मुनाफे की रकम दिखाई जा रही थी, तो अब निकासी क्यों बंद है? क्या यह वास्तव में तकनीकी समस्या है या इसके पीछे कोई बड़ा वित्तीय विवाद? फिलहाल इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है.

Image

 दुमका में कितने लोग जुड़े, कितनी रकम फंसी?

अब इस मामले में सबसे अहम सवाल है कि दुमका और आसपास के कितने लोग Aurora EX से जुड़े थे और उनकी कितनी रकम फंसी हुई है? सूत्रों के अनुसार निवेश की राशि लाखों रुपये में बताई जा रही है, लेकिन वास्तविक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है. लोकलाज और सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण कई निवेशक फिलहाल खुलकर सामने आने से बच रहे हैं.

 शिकायत से क्यों बच रहे निवेशक?

चर्चा यह भी है कि कथित तौर पर पैसे फंसने के बावजूद कई लोग शिकायत करने से हिचक रहे हैं.किसी को सामाजिक बदनामी का डर है तो कोई अपनी निवेश राशि वापस आने की उम्मीद में चुप है. ऐसे में पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने में समय लग सकता है.

 जल्दी पैसा कमाने के लालच में कहीं मेहनत की कमाई न डूब जाए

Aurora EX को लेकर सामने आया घटनाक्रम ऑनलाइन निवेश करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी है. कम समय में ज्यादा मुनाफा, गारंटीड रिटर्न, ट्रेडिंग सिग्नल और नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन जैसी पेशकशों को लेकर निवेशकों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है.WhatsApp या सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति या समूह के भरोसे निवेश करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है.

अब जांच से खुलेगा ‘Aurora EX’ का राज!

फिलहाल Aurora EX से जुड़े कथित मामले में कई सवाल अनुत्तरित हैं—प्लेटफॉर्म के पीछे कौन है? कितने लोगों से कितनी रकम ली गई? और 28 अगस्त के बाद Withdrawal क्यों बंद हुआ? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.यदि बड़ी संख्या में लोगों की रकम वास्तव में फंसी है, तो मामला गंभीर वित्तीय धोखाधड़ी का रूप ले सकता है.