जहां से रोज गुजरते हैं रास्ते, वहीं सजी साहित्य की महफिल, राहगीरों के बीच हुआ 'दुल्हिन सावधान!' का लोकार्पण

आमतौर पर सड़कें लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का जरिया होती हैं, लेकिन मंगलवार को दुमका के नोनीहाट बस स्टैंड की सड़क ने एक अलग ही इतिहास रचा. यहां वाहनों और राहगीरों की आवाजाही के बीच किताबों, विचारों और साहित्य की ऐसी महफिल सजी, जिसने पारंपरिक पुस्तक विमोचन की तस्वीर ही बदल दी.

जहां से  रोज गुजरते हैं रास्ते, वहीं सजी साहित्य की महफिल, राहगीरों के बीच हुआ 'दुल्हिन सावधान!' का लोकार्पण

दुमका(DUMKA): आमतौर पर सड़कें लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का जरिया होती हैं, लेकिन मंगलवार को दुमका के नोनीहाट बस स्टैंड की सड़क ने एक अलग ही इतिहास रचा. यहां वाहनों और राहगीरों की आवाजाही के बीच किताबों, विचारों और साहित्य की ऐसी महफिल सजी, जिसने पारंपरिक पुस्तक विमोचन की तस्वीर ही बदल दी. न कोई भव्य सभागार, न औपचारिक मंच और न ही चुनिंदा श्रोताओं का जमावड़ा. खुले आसमान के नीचे आम लोगों के बीच चर्चित लेखक नीलोत्पल मृणाल के पांचवें उपन्यास 'दुल्हिन सावधान!' का लोकार्पण किया गया. सड़क पर आयोजित इस खुले साहित्य उत्सव ने साबित किया कि साहित्य को लोगों तक पहुंचाने के लिए मंच की नहीं, एक सार्थक सोच की जरूरत होती है.

'एक रास्ता साहित्य के नाम' से बदली सड़क की पहचान

 साहित्य को सभागारों की चारदीवारी से निकालकर सीधे आम लोगों के बीच ले जाने की सोच के साथ 'एक रास्ता साहित्य के नाम' की अवधारणा पर यह अनूठा आयोजन किया गया. नोनीहाट की सड़क महज आवागमन का रास्ता नहीं रही, बल्कि साहित्य, समाज और जनजीवन के संवाद का मंच बन गई. इस पहल की खासियत यह रही कि साहित्य को सुनने और उससे जुड़ने के लिए लोगों को किसी विशेष आयोजन स्थल तक पहुंचने की जरूरत नहीं पड़ी, बल्कि साहित्य खुद उनके बीच पहुंचा. यह प्रयोग साहित्य को जनसामान्य से जोड़ने की दिशा में एक अलग और सराहनीय प्रयास के रूप में सामने आया.

Image

डॉ. लुईस मरांडी समेत कई गणमान्य हस्तियों की रही मौजूदगी 

समारोह में मुख्य अतिथि जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक बादल, उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, प्रशिक्षु आइएएस अवनीश सिंह, भाजपा नेता रविकांत मिश्र और अभय सिंह उपस्थित रहे. गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में उपन्यास का लोकार्पण किया गया. खुले वातावरण में आयोजित इस साहित्यिक समारोह को लेकर स्थानीय लोगों और पुस्तक प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला. सड़क के बीच सजे इस साहित्यिक मंच ने आयोजन को परंपरागत विमोचन समारोहों से अलग पहचान दी.

किताब के विमोचन के साथ 'दुल्हिन का भंडारा'

 इस साहित्यिक उत्सव का एक अनूठा आकर्षण 'दुल्हिन का भंडारा' भी रहा. उपन्यास के लोकार्पण के बाद आयोजित भंडारे में लोगों ने भागीदारी की. किताब, विचार और सामूहिक भोज के इस संगम ने कार्यक्रम को महज साहित्यिक समारोह तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे सामाजिक सहभागिता के उत्सव में बदल दिया. आयोजन के निवेदक स्पीड क्लब, नोनीहाट के सदस्य थे.

'डार्क हॉर्स' से मिली पहचान, पांचवीं कृति है 'दुल्हिन सावधान!'

 दुमका की धरती से जुड़े नीलोत्पल मृणाल हिंदी के चर्चित युवा लेखकों में अपनी अलग पहचान रखते हैं. 'डार्क हॉर्स' और 'औघड़' जैसे चर्चित उपन्यासों के जरिए उन्होंने व्यापक पाठक वर्ग के बीच अपनी जगह बनाई है. 'दुल्हिन सावधान!' उनके साहित्यिक सफर की पांचवीं कृति है. इस उपन्यास का नोनीहाट की सड़क पर लोकार्पण अपने आप में इसलिए भी खास रहा कि यहां साहित्य किसी सभागार में सिमटकर नहीं रहा, बल्कि आम लोगों के बीच पहुंचा. जिस सड़क से रोज सैकड़ों कदम अपनी मंजिल की ओर बढ़ते हैं, उसी सड़क पर मंगलवार को किताबों और विचारों ने लोगों को कुछ पल ठहरने का मौका दिया. नोनीहाट में यह आयोजन एक संदेश छोड़ गया कि साहित्य को जीवंत रखने के लिए उसे जिंदगी के बीच ले जाना जरूरी है.

रिपोर्ट: पंचम झा