डॉन फ़हिम खान के घर को घेरकर एके-47 से चलाई गोली, 22 साल बाद आया फैसला, तीन दोषी करार

धनबाद में 2004 के गैंगस्टर फहीम खान पर AK-47 से हुए हमले के मामले में शाहिद आलम समेत तीन आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दिया है.

डॉन फ़हिम खान के घर को घेरकर एके-47 से चलाई गोली, 22 साल बाद आया फैसला, तीन दोषी करार

धनबाद (DHANBAD): 2004 में गैंगस्टर फहीम खान पर एके 47 से ताबड़तोड़ हुए हमले के मामले में सोमवार को कोर्ट ने तीन को दोषी करार दिया है. जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय की कोर्ट ने फैसला दिया है. इस मामले का फैसला 23 सितंबर को आने वाला था, लेकिन तकनीकी कारणों तिथि आगे बढ़ाते हुए 28 सितंबर तय हुई थी. इस मामले में फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के भाई शाहिद आलम सहित तीन को कोर्ट ने दोषी करार दिया है. सजा के बिंदु पर 3 अक्टूबर को फैसला आएगा. 

हमले में बॉडी गार्ड की हो गई थी मौत
 
जानकारी के अनुसार कोर्ट ने शाहिद, शहादत हुसैन और बिहार के तनवीर को दोषी करार दिया है. यह घटना अपने आप में बड़ी थी. 2004 में गैंगस्टर फहीम खान पर बड़ा हमला हुआ था. जानकार बताते हैं कि यह पहला मौका था, जब धनबाद शहर में एक साथ कई एके-47 से गोलियां चली थी. फहीम खान की किसी तरह जान बची थी.बताते है कि हमले में फहीम खान के बॉडीगार्ड बिहार का हने वाले की मौत हो गई थी. फहीम खान का एक रिश्तेदार भी इसमें घायल हो गया था. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने भाग रहे अपराधियों की मारुति वैन और बोलेरो का पीछा किया था. इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया था. 

"गैंग्स ऑफ वासेपुर"-2 में फिल्माया गया है घटना का दृश्य 
 
जानकार बताते हैं कि धनबाद के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पटना के एक शूटर की मौत हो गई थी. शूटरों के पास से पुलिस ने एके-47 की तीन मैगजीन और कारतूस, दो रिवाल्वर और 9 एमएम की मैगजीन सहित गोलियां बरामद की थी. लोग यह भी बताते हैं कि अनुराग कश्यप की फिल्म "गैंग्स ऑफ वासेपुर"-2 में फहीम खान के घर पर हुए इस हमले का दृश्य दिखाया गया है. घटना के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने फहीम से उसका फर्द बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया था. सुनवाई के दौरान कई आरोपियों की मौत हो जाने की भी सूचना है. लोग यह भी बताते हैं कि फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के फरार चलने के कारण उसकी गैर मौजूदगी में ट्रायल चला.