झारखंड के इन ज़िलों की क्यों बदल सकती है तक़दीर? कमर्शियल कोल माइनिंग की क्यों हो रही प्रतीक्षा
दुमका ,गोड्डा, बोकारो, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, पलामू की क्या अब आर्थिक ताकत बढ़ेगी, रोजगार सृजित होंगे.राज्य में नीलाम 34 कोयला खदानों में फिलहाल केवल 7 से उत्पादन शुरू हुआ है.
धनबाद(DHANBAD): दुमका ,गोड्डा, बोकारो, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, पलामू की क्या अब आर्थिक ताकत बढ़ेगी, रोजगार सृजित होंगे, लोगों में खुशहाली आएगी, यह सवाल इसलिए उठ रहा है कि इन इन जिलों में कमर्शियल कोल माइनिंग की शुरुआत होने जा रही है. सभी खदानों के चालू हो जाने से संभावना है कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हो सकते है. झारखंड में नीलाम 34 खदानों में फिलहाल केवल 7 से ही उत्पादन शुरू हो सका है.
147 कमर्शियल कोल माइनिंग की नीलामी से रोजगार होंगे सृजित
देशभर में 147 कमर्शियल कोल् माइनिंग की नीलामी से करीब 55,000 करोड रुपए का निवेश और लगभग 5 लाख रोजगार सृजित होने का अनुमान है. इसका लाभ झारखंड के अलावे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा , तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश को भी मिल सकता है. झारखंड में नीलाम खदानों का विस्तार 9 जिलों में है. इनमें बोकारो में पर्वतपुर और सीतानाला, गोड्डा में जीतपुर ,पलामू में राजहरा नार्थ , हजारीबाग में बादाम और मोइत्रा तथा लातेहार में तुबेद खदान से उत्पादन शुरू हो चुका है.
झारखंड के कई ज़िलों में उत्पादन शुरू होने की हो रही प्रतीक्षा
इसके अलावा रामगढ़, लातेहार, पलामू, दुमका, चतरा , बोकारो और रांची के विभिन्न क्षेत्रों में कई खदानें अभी उत्पादन शुरू होने की प्रतीक्षा में हैं. कोयला मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2020 में कमर्शियल कोल माइनिंग की शुरुआत के बाद 15 नीलामी चरणों में कुल 147 खदानों की नीलामी की जा चुकी है. कमर्शियल कोल माइनिंग की खास बात यह है कि निजी कंपनियों को उत्पादित कोयले के उपयोग और बिक्री के लिए अंतिम उपयोग की बाध्यता से मुक्त रखा गया है. कंपनियां अपनी व्यावसायिक जरूरत के अनुसार कोयले की बिक्री कर सकती हैं. हालांकि निवेश और रोजगार की बड़ी संभावनाओं के बावजूद खदानों से उत्पादन शुरू करना बड़ी चुनौती भी हो सकती है. भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और अन्य समस्याएं सामने आ सकती हैं.