धनबाद में दिनभर BJP-कांग्रेस के बीच तनातनी! क्यों आमने-सामने आए दोनों गुट, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत?
धनबाद में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बनी रही. यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस ने PM मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया.
धनबाद (DHANBAD): सोमवार को दिन भर पुलिस भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पीछे भागती रही. दोनों गुटों में टकराव रोकने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी. बता दे कि धनबाद में सोमवार का दिन कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव में बीत गया. यह टकराव आगे किस रूप में सामने आएगा, इसके बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता.
सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पहुंचे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता तो पुतला दहन में सफल नहीं हुए, लेकिन उन लोगों ने अपराह्न में दूसरा कार्यक्रम आयोजित कर दिया. भाजपा जिला कार्यालय में तो जमकर हंगामा हुआ. पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ. इसके बाद धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रणधीर वर्मा चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे का भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया.
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मंच के शुद्धिकरण को भी कांग्रेस ने गलत बताया. कहा कि इससे देश में गलत संदेश जाएगा. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के ऐसे कार्यक्रम से देश में एक अलग किस्म की आवाज सुनने को मिलेगी जो देश हित में नहीं होगी. शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ते विवाद के कारण धनबाद में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है. प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही.