धनबाद: छाताबाद में भू-धंसान पर मेयर संजीव सिंह का अलर्ट, बोले- अवैध खनन नहीं रुका तो होंगे बड़े हादसे

धनबाद: छाताबाद में भू-धंसान पर मेयर संजीव सिंह का अलर्ट, बोले- अवैध खनन नहीं रुका तो होंगे बड़े हादसे

धनबाद(DHANBAD) | मेयर संजीव सिंह आज फिर पहुंचे कतरास. मेयर  ने शनिवार को कहा कि कतरास के छाताबाद की स्थिति बेहद गंभीर है.  लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए. आगे कहा कि बंद  खदानों से हो रहे अवैध खनन और कोयला चोरी के कारण कई स्थानों पर जमीन खोखली हो गई है.  जिससे भू धंसान  की घटनाएं बढ़ रही हैं.  यदि समय रहते इन अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में बड़े हादसे  से हो सकते है. 

 मेयर संजीव सिंह प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानी को जाना, सहायता का भरोसा दिया. कुछ दिन पहले ही छाताबाद  में भू धंसान  की बड़ी घटना हुई थी.  स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार धंसान  के कारण घरों में दरारें  पड़ रही है और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. उन्होंने  जिला प्रशासन, बीसीसीएल, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों से बंद खदानों में हो रहे अवैध खनन और कोयला चोरी पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की.  उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा भू-धसान संभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं.

उन्होंने यह भी मांग की कि भू-धंसान  प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए, उन्हें समुचित मुआवजा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा क्षेत्र में स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और बीसीसीएल संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाएं. संजीव सिंह ने कहा कि छाताबाद के लोगों को भय के साये में जीने के लिए मजबूर नहीं छोड़ा जा सकता। वे इस गंभीर मामले को जिला प्रशासन, राज्य सरकार, केंद्र सरकार तथा संबंधित मंत्रालयों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने तथा अवैध खनन व कोयला चोरी पर पूर्ण रोक लगाने के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास करेंगे.