कौन है झारखंड के रामगढ़ जेल में बंद बिहार का कुख्यात आसिफ, क्यों धनबाद पुलिस लेगी रिमांड पर?

झरिया अधिवक्ता मोहम्मद जावेद की हत्या की कथित साजिश में धनबाद पुलिस रामगढ़ जेल में बंद आसिफ उर्फ निर्मल सिंह पवार को रिमांड पर ला सकती है.

कौन है झारखंड के रामगढ़ जेल में बंद बिहार का कुख्यात आसिफ, क्यों धनबाद पुलिस लेगी रिमांड पर?

धनबाद (DHANBAD): झरिया के अधिवक्ता मोहम्मद जावेद की हत्या की साजिश रचने के मामले में धनबाद पुलिस रामगढ़ जेल में बंद आसिफ उर्फ निर्मल सिंह पवार को रिमांड पर धनबाद ला सकती है. वह बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और सोना लूट कुख्यात गैंग सुबोध सिंह गैंग का सदस्य बताया जाता है. धनबाद के मुथूट फाइनेंस डकैती प्रयास कांड में भी वह कथित रूप से शामिल था. वकील की हत्या का षड्यंत्र रचने के आरोप में पकड़े गए निशितपुर टाउनशिप का रहने वाला आसिफ आलम ने पुलिस को कई जानकारियां दी है.  

आसिफ के कहने पर बिहार से आये थे दो शूटर 

उसने बताया है कि रामगढ़ जेल में बंद आसिफ के कहने पर ही अपने दोस्त भूली आजाद नगर निवासी अमन पंडित और आसिफ के इशारे पर समस्तीपुर से आए दो शूटरों के साथ मिलकर योजना बना रहा था. सूत्र बता रहे हैं कि जेल भेजे गए ईस्ट बसुरिया के आसिफ ने पुलिस को यह भी  बताया है कि रामगढ़ जेल में बंद आसिफ धनबाद में कारोबारियों से रंगदारी मांगने की भी योजना बना रहा था. इधर, मौके से फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. बताया जाता है कि रामगढ़ जेल में बंद आसिफ कुख्यात अपराधी है. वह बिहार के सुबोध गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है. धनसार  के गुंजन ज्वेलर्स में हुई डकैती में भी कथित रूप से वह शामिल था. जमशेदपुर बैंक ऑफ़ इंडिया में हुई डकैती में भी उसका नाम आया था.   

बिहार का सुबोध सिंह गैंग सोना लूट के लिए कुख्यात गैंग माना जाता है.

उल्लेखनीय है कि बिहार का सुबोध सिंह गैंग सोना लूट के लिए कुख्यात गैंग माना जाता है. सिर्फ बिहार, बंगाल, झारखंड ही नहीं बल्कि सूरत, जबलपुर, बंगाल जैसे शहरों में भी इस गिरोह ने लूट की घटना को अंजाम दिया था. धनबाद में 6 सितंबर 2022 को मुथूट फाइनेंस डकैती प्रयास का मामले में भी इसी गिरोह का हाथ बताया गया था. इसके पहले धनसार के गुंजन ज्वेलर्स लूट कांड में भी इस गिरोह का नाम आया था. उल्लेखनीय है कि झरिया के अधिवक्ता की हत्या की योजना को शुक्रवार की रात पुलिस ने नाकाम कर दिया था. हत्या की योजना को लेकर पहुंचे अपराधियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.