प्रिंस खान गैंग को हथियार देने पहुंचा बिहार का सप्लायर धनबाद में गिरफ्तार,यूएसए मेड पिस्टल बरामद

प्रिंस खान गैंग को हथियार देने पहुंचा बिहार का सप्लायर धनबाद में गिरफ्तार,यूएसए मेड पिस्टल बरामद

धनबाद: वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के हथियार सप्लायर को धनबाद पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है. वह बिहार का रहने वाला बताया जाता है. धनबाद की सराय ढेला पुलिस ने उसे भुई फोड़ के एक होटल में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है. 

उसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, 6 गोलियां और कुछ नगदी भी बरामद किया है . जानकारी के अनुसार दो दिन पहले जेल गए चिरकुंडा के रिजवान सिद्दीकी को पिस्टल बेचने पहुंचे संजीव पासवान उर्फ मोनू को सराय ढेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है .

पुलिस सूत्रों के अनुसार सराय ढेला पुलिस को सूचना मिली कि होटल के कमरा नंबर 106 में कोई संदिग्ध हथियार और गोलियों के साथ छिपा हुआ है. सूचना का सत्यापन करने के लिए थाना प्रभारी टीम के साथ पहुंचे और आरोपी को होटल के कमरा नंबर 106 में दबोचा. उसके बैग की तलाशी में  एक पिस्टल, गोलियां और नगद बरामद किए गए.

सूत्रों के अनुसार धनबाद के मुगमा में पिछले दिनों पकड़े गए रिजवान ने पूछताछ में  मोनू का नाम बताया था. तभी से पुलिस उसे ढूंढ रही थी. पुलिस को चकमा देने के लिए वह होटल में पहचान छिपा कर ठहरा था. उसके बैग से अलग-अलग नाम के फर्जी वोटर कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि भी मिलने की सूचना है.