Wassyepur Shoot out : फायरिंग में इस्तेमाल की गई बाइक कैसे कई बार खरीदी -बेची गई थी?

21 सितंबर को वासेपुर भूली मोड़ में फायरिंग हुई थी . यह फायरिंग "टारगेटेड" नहीं थी. इससे पुलिस को संदेह हुआ होगा कि अपराधी पेशेवर नहीं होंगें।

Wassyepur Shoot out : फायरिंग में इस्तेमाल की गई बाइक कैसे कई बार खरीदी -बेची गई थी?

धनबाद(DHANBAD): 21 सितंबर को वासेपुर भूली  मोड़  में फायरिंग हुई थी .  यह  फायरिंग "टारगेटेड" नहीं थी. इससे पुलिस को संदेह हुआ होगा कि अपराधी पेशेवर नहीं होंगें. प्रत्यक्षदर्शी बता रहे थे कि बाइक पुरानी थी.  इन्हीं दो लीड  पर पुलिस आगे बढ़ी, फिर पुलिस जांच में आगे बढ़ी, तो सूत्रों के अनुसार ईस्ट  बसुरिया क्षेत्र में शूटआउट में इस्तेमाल की गई बाइक मिली।  कहते हैं कि  बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर मिटा दिया गया था.  साथ ही  इंजन और चेचिस नंबर को भी खुरच कर   मिटाने का प्रयास किया गया था. 

कई हाथों बेचीं -खरीदी गई है पुरानी बाइक 

 पुलिस  इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर पता लगाया, तो पता चला कि  बाइक कतरास के एक व्यक्ति की है.  पुलिस जब कतरास पहुंची, तो पता चला कि उसने बाइक किसी और को बेच दी है.  जब उसके पास पुलिस गई तो उसने बताया कि बाइक नया बाजार के किसी युवक के जरिए आमिर  को बेची गई है.  जब पुलिस आमिर तक पहुंची, तो पता चला कि उसने बाइक चंदन ठाकुर को बेच दी थी.  इसके बाद ही पुलिस ने चंदन ठाकुर की खोजबीन शुरू की और इसी क्रम में 23 सितंबर की रात ईस्ट  बसुरिया में चंदन ठाकुर और उसके साथियों के साथ पुलिस का एनकाउंटर हो गया. 

पुलिस शूटर  चंदन ठाकुर को खोजने गई तो मुठभेड़ हो गया था 

 पुलिस ईस्ट बसुरिया के एक परित्यक्त भवन में छिपे शूटर  चंदन ठाकुर और उसके साथियों को पकड़ने के लिए पहुंची थी.  पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.  पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चंदन ठाकुर को गोली लगी, जबकि प्रिंस कुमार  भागने  के फिराक में गिरकर घायल हो गया था.  वासेपुर के शूटआउट में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि एक पुरानी बाइक पर सवार होकर फायरिंग करने वाले नया बाजार की तरफ से आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद  वासेपुर की ओर निकल गए थे.  चंदन ठाकुर के पास हथियार कहां से मिला, किसने हथियार की सप्लाई की ,इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है.  हो सकता है कि हथियार सप्लायर गैंग का भी खुलासा हो.  पुलिस चंदन ठाकुर का प्रिंस खान गैंग से कनेक्शन भी तलाश रही है.  बता दे कि  इस फायरिंग कांड में गैंगस्टर प्रिंस खान, उसके पिता और तीनों भाई सहित अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई है.  यह एफआईआर  गैंगस्टर फहीम खान के भाई के फर्द  बयान पर दर्ज हुई है.