धनबाद: बरोरा के जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पत्थर से कूचकर हत्या की आशंका

धनबाद: बरोरा के जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पत्थर से कूचकर हत्या की आशंका

धनबाद (DHANBAD)  :  बरोरा थाना क्षेत्र के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. शव शताब्दी परियोजना से चिटाही जाने वाले रास्ते के पास मिला. मृतक के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है. पुलिस को हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्थानीय लोगों की नजर जंगल में पड़े एक शव पर पड़ी. शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के चेहरे को किसी भारी पत्थर से कुचल दिया गया है. चेहरे की पहचान लगभग पूरी तरह मिटा दी गई है, जिसके कारण मृतक की शिनाख्त करने में पुलिस को काफी कठिनाई हो रही है. पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई हो सकती है और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर फेंक दिया गया हो. हालांकि, पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

घटनास्थल के आसपास से पुलिस ने कुछ महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया है। साथ ही आसपास के गांवों और थाना क्षेत्रों में गुमशुदा लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक स्थानीय व्यक्ति है या किसी अन्य क्षेत्र का रहने वाला था.

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह जंगल में शव मिलने की घटना ने सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

रिपोर्ट : नीरज कुमार