विधायक गुरुदास चटर्जी हत्याकांड में जेल में बंद उमेश सिंह 25 साल बाद लेगा खुली हवा में सांस,पढ़िए हाई कोर्ट का आदेश

धनबाद के बहुचर्चित गुरुदास चटर्जी हत्याकांड में जेल में बंद उमेश सिंह लगभग 25 साल बाद अब खुली हवा में सांस लेगा. निरसा के पूर्व विधायक गुरुदास चटर्जी की हत्या 14 अप्रैल 2000 को कर दी गई थी.

विधायक गुरुदास चटर्जी हत्याकांड में जेल में बंद उमेश सिंह 25 साल बाद लेगा खुली हवा में सांस,पढ़िए हाई कोर्ट का आदेश

धनबाद: धनबाद के बहुचर्चित गुरुदास चटर्जी हत्याकांड में जेल में बंद उमेश सिंह लगभग 25 साल बाद अब खुली हवा में सांस लेगा. निरसा के पूर्व विधायक गुरुदास चटर्जी की हत्या 14 अप्रैल 2000 को कर दी गई थी. धनबाद में किसी बैठक में हिस्सा लेकर वह बुलेट मोटरसाइकिल से निरसा लौट रहे थे, कि  देवली के पास उनकी हत्या कर दी गई थी. 

Image

गुरुदास चटर्जी निरसा के वर्तमान विधायक अरूप चटर्जी के पिता थे. इस  हत्याकांड में जेल में बंद उमेश  सिंह को  अब 12 नवंबर या उससे पहले जेल से रिहा कर दिया जाएगा. झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से जेल आईजी अदालत में उपस्थित हुए. उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हलफनामा दायर कर अदालत को बताया कि याचिका कर्ता उमेश सिंह को 12 नवंबर तक अथवा उससे पहले हिरासत से मुक्त कर दिया जाएगा. 

आईजी के इस हलफनामे के बाद करीब 25 वर्षों से जेल में बंद उमेश सिंह की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है. उमेश सिंह की ओर से झारखंड हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता शैलेश कुमार सिंह ने पैरवी की. उमेश सिंह की ओर से दायर इस अवमानना याचिका में हाई कोर्ट के पूर्व आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया था. 

जानकारी के अनुसार  हाईकोर्ट ने 17 नवंबर 2025 को पारित अपने आदेश में राज्य सरकार के पुनरीक्षण बोर्ड की ओर से 19 फरवरी 25 और 1 सितंबर 25 को उमेश सिंह की समय पूर्व रिहाई के संबंध में पारित अस्वीकृत आदेशों को निरस्त कर दिया था. अदालत ने संबंधित अधिकारियों को तीन सप्ताह के भीतर औपचारिक रिहाई आदेश जारी करने का निर्देश दिया था, बावजूद निर्धारित समय में आदेश का अनुपालन नहीं होने पर उमेश सिंह की ओर से अवमानना याचिका दाखिल की गई थी. 

उल्लेखनीय है कि विधायक गुरदास चटर्जी की 14 अप्रैल 2000 को धनबाद से निरसा लौटने के दौरान देवली में हत्या कर दी गई थी. उस समय उनकी बाइक अपूर्व घोष चला रहे थे. दोपहर लगभग 3:00 बजे उनकी हत्या की गई थी.उस समय धनबाद के एसपी अनिल पलटा थे.इस हत्याकांड का आरोप निरसा के नर्मदेश्वर सिंह उर्फ मास्टर (अब स्वर्गीय) , उनके दो पुत्रों और उमेश सिंह पर लगा. 

जानकारी के अनुसार धनबाद सेशन कोर्ट ने 20 नवंबर 2003 को शिव शंकर सिंह, और उमेश सिंह के अलावा नर्मदेश्वर  सिंह और उनके पुत्र विजय सिंह को दोषी ठहराया था. 6 मई 2005 को हाईकोर्ट ने शिव शंकर सिंह और उमेश सिंह की उम्र कैद की सजा को फांसी में बदल दी थी. जबकि नर्मदेश्वर सिंह और विजय सिंह को बरी कर दिया था. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले को पलटते हुए फांसी की सजा को उम्र कैद में बदल दिया था.

 जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2018 को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की अगुवाई वाली सजा पुनरीक्षण कमेटी ने शिव शंकर सिंह की सजा माफ करते हुए  रिहाई का आदेश दिया था. उमेश सिंह अभी भी जेल में है.लेकिन अब वह खुली हवा में सांस ले सकेगा.