धनबाद के रास्ते कछुए की तस्करी :दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 कछुए बरामद

धनबाद रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 जिंदा कछुआ बरामद किया है. सभी कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के बताए जा रहे हैं. कछुओं को छह थैलों और बोरों में भरकर लावारिस हालत में रखा गया था

धनबाद के रास्ते कछुए की तस्करी :दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 कछुए बरामद

धनबाद(DHANBAD): धनबाद रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की  टीम ने  दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 जिंदा कछुआ  बरामद किया है.  सभी कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के बताए जा रहे हैं. कछुओं को छह थैलों और बोरों में भरकर लावारिस हालत में रखा गया था. RPF को आशंका है कि कछुओं को तस्करी के लिए ट्रेन से ले जाया जा रहा था. यह कार्रवाई RPF के ऑपरेशन वाइल्ड के तहत की गई। बरामद कछुओं को वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.वहीं, कछुओं को ट्रेन में रखने वाले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

जानकारी के अनुसार, 28 और 29 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे सहायक सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर मंडल स्तरीय RPF टास्क टीम ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस की जांच कर रही थी. टीम गोमो से धनबाद के बीच ट्रेन की तलाशी ले रही थी।इसी दौरान ट्रेन के पीछे की ओर स्थित महिला कोच के अंतिम कंपार्टमेंट में टीम को छह लावारिस थैले और बोरे दिखाई दिए. आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया. संदेह होने पर RPF ने ट्रेन के धनबाद पहुंचने के बाद सभी छह थैलों और बोरों को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारा.गवाहों की मौजूदगी में जब सामान की जांच की गई तो उसके अंदर बड़ी संख्या में जिंदा कछुए मिले.प्रत्येक बोरे में 20-20 कछुए रखे गए थे. इस तरह कुल 120 जीवित कछुए बरामद किए गए.

RPF ने सभी कछुओं को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई शुरू की और वन विभाग से संपर्क किया.अब कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग को सौंपने के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.फिलहाल RPF यह पता लगाने में जुटी है कि कछुओं को ट्रेन में किसने रखा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था. शुरुआती जांच में वन्यजीव तस्करी की आशंका जताई जा रही है. मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है.