72 लॉकर काटकर करोड़ों उड़ाने वाला संथाल परगना का हसन चिकना गिरफ्तार,पढ़िए -साहिबगंज से बंगाल पुलिस ने कैसे पकड़ा ? 

झारखंड के संथाल परगना का करोड़पति-अरबपति चोर गिरोह का सरगना हसन चिकना पकड़ लिया गया है. सूत्रों के अनुसार पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की पुलिस ने उसे साहिबगंज के बरहरवा रेलवे स्टेशन से पकड़ा है.

72 लॉकर काटकर करोड़ों उड़ाने वाला संथाल परगना का हसन चिकना गिरफ्तार,पढ़िए -साहिबगंज से बंगाल पुलिस ने कैसे पकड़ा ?

धनबाद(DHANBAD):  जानकारी के अनुसार बंगाल पुलिस को गुरुवार को झारखंड में एक बड़ी सफलता मिली।  झारखंड के संथाल परगना का करोड़पति-अरबपति  चोर गिरोह का सरगना  हसन चिकना  पकड़ लिया गया है.  सूत्रों के अनुसार पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की पुलिस ने उसे साहिबगंज के बरहरवा रेलवे स्टेशन से पकड़ा  है.  जीआरपी के सहयोग से पुलिस ने यह सफलता हासिल की है.  हसन चिकना  को पकड़ने के लिए बंगाल की लगभग दो दर्जन की पुलिस टीम पहुंची थी.  बंगाल पुलिस को पहले से इनपुट था.  इस इनपुट के आधार पर बंगाल पुलिस सादे लिबास  में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर पहले से तैनात थी.  जैसे ही वह स्टेशन पर उतरा, उसे पुलिस टीम की गतिविधियों का अंदेशा हो गया और वह तेजी से भागने लगा.  इसी दौरान सादे  लिबास  में मौजूद पुलिस टीम ने उसका पीछा कर धर दबोचा।  

बंगाल पुलिस के पास था सटीक इनपुट ,तब आया पकड़ में 

अपुष्ट  जानकारी के अनुसार उसके पास किलो में सोना बरामद हुआ है.  हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.  उसे आवश्यक कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल ले जाने की भी खबर है.  सूत्रों के अनुसार हसन चिकना  का संबंध अंतर प्रांतीय शातिर  चोर गिरोह से बताया जाता है.  झारखंड के साहिबगंज के कई इलाकों में उसका ठिकाना होने की बात भी सामने आती  रही है.  वह सोना चोरी के मामले में कई राज्यों में जेल भी जा चुका है. सूत्रों पर भरोसा करें तो हसन चिकना  गैंग झारखंड के बोकारो में एसबीआई की शाखा में 72 लॉकर  तोड़कर करोड़ों रुपए की चोरी की थी.  इस मामले में वह आरोपी था.  यह  घटना 2017 को हुई थी.  जानकारी के अनुसार बैंक के लॉकर काटने के बाद करोड़ों की नगदी , 10 किलो से अधिक सोना और 25 से 30 किलो चांदी चुराई गई थी.  हालांकि इस मामले में उसे एक  साल बाद मुंबई से गिरफ्तार किया गया था.

केवल झारखण्ड ही नहीं ,कई राज्यों में फैला है हसन चिकना का जाल 

  सिर्फ झारखंड ही नहीं, वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी बैंक का लॉकर काटने का आरोपी रह चुका है.  वह बेहद सटीक तरीके से बैंक की रेकी करता है.  गैस कटर और आधुनिक औजारों की मदद से रातों-रात बैंकों के शटर और मजबूत लाकर काट कर  करोड़ का  आभूषण साफ कर देता है. बताते हैं कि साहिबगंज जिले के राजमहल (उधवा) क्षेत्र के मुर्गीटोला का रहने वाला हसन चिकना कभी मामूली घड़ी चोरी करता था। धीरे-धीरे उसने अपना एक संगठित गिरोह  बनाया और गैस कटर के जरिए बैंकों के लॉकर काटकर करोड़ों की चोरी करने का 'ठेका' लेने लगा। वह मुख्य रूप से तब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया, जब उसके गिरोह ने  2017 में बोकारो के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा से 72 लॉकरों को काटकर  सोने के जेवरात और नकदी उड़ा ली थी।