धनबाद: सूर्या हाइलैंड सिटी में चोरों का आतंक, दो डुप्लेक्स को बनाया निशाना, लाखों की चोरी
Dhanbad: धांगी मोड़ के पास बलियापुर रोड स्थित सूर्या हाइलैंड सिटी और सुरुचि-3 के दो बंद डुप्लेक्स में चोरों ने सेंधमारी की कोशिश की. एक घर में 15-20 लाख रुपये के जेवरात व सामान की चोरी हो गई, जबकि दूसरे में शोर होने पर चोर भाग निकले. पुलिस ने जांच शुरू की है.
धनबाद (Dhanbad) : बलियापुर रोड पर स्थित धांगी मोड़ के पास, चोरों ने दो बंद घरों को अपना निशाना बनाया है .इस चोरी में सूर्या हाइलैंड सिटी और सुरुचि-3 में दो बंद डुप्लेक्स में कि गई, इस चोरी को पहले घर पर सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया. जबकि दूसरे में ताला तोड़ने और खिड़की क्षतिग्रस्त करने के दौरान शोर मचने से चोर मौके से भाग निकले. इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भय और चिंता का माहौल छा गया है.
जानकारी के लिए बात दें, सूर्या हाइलैंड सिटी के गायत्री-15 डुप्लेक्स के मालिक गजेंद्र सिंह पिछले लगभग 14 दिनों से तीर्थ यात्रा पर थे. रविवार की देर शाम जब वे घर लौटे तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला. गेट खोलकर अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने देखा कि हर कमरे के दरवाजे के ताले और कुंडियां तोड़ी हुई हैं तथा सामान बिखरा पड़ा है.
गजेंद्र सिंह ने तुरंत सोसाइटी के अन्य सदस्यों को सूचित किया. पड़ोसियों के साथ घर के अंदर जांच करने पर सभी कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला. अलमारी में रखे जेवरात, कीमती कपड़े और अन्य मूल्यवान वस्तुएं गायब पाई गईं. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी का सामान करीब 15 से 20 लाख रुपये का बताया जा रहा है. हालांकि पूरा हिसाब-किताब और दस्तावेजों की जांच के बाद ही सही नुकसान का आकलन संभव हो पाएगा .
गजेंद्र सिंह के घर के पीछे स्थित सुरुचि-3 डुप्लेक्स को भी चोरों ने निशाना बनाया. वहां ताला और खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की गई. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को आहट सुनाई दी. जैसे ही उन्होंने घर की लाइट जलाई, चोर वहां से भाग निकले. इस वजह से दूसरे बंद मकान में चोरी होने से बच गई.
सुरुचि-3 डुप्लेक्स के मालिक मनोज सिन्हा बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत हैं और वर्तमान में धनबाद से बाहर हैं. पड़ोसियों ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी है.
चोरी की सूचना मिलते ही सरायढेला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. सोसाइटी में लगातार दो घरों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.