धनबाद के कुमारधुबी में बन रहे एचएल ब्रिज निर्माण स्थल पर फिर चोरी, 3 लाख की सामग्री लेकर फरार हुए बदमाश

धनबाद के कुमारधुबी में बन रहे एचएल ब्रिज निर्माण स्थल पर फिर चोरी, 3 लाख की सामग्री लेकर फरार हुए बदमाश

धनबाद (DHANBAD) : कुमारधुबी में बन रहे एचएल ब्रिज का निर्माण स्थल एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया. पांच से छह नकाबपोश बदमाशों ने निर्माण स्थल पर धावा बोलकर करीब तीन लाख रुपये की सामग्री चोरी कर ली. विरोध करने पर मजदूरों के साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल भी छीन लिया. पिछले कुछ दिनों में यह छठी चोरी की घटना बताई जा रही है, जिससे निर्माण एजेंसी और मजदूरों में डर का माहौल है.

बदमाशों ने की मारपीट

जानकारी के अनुसार बदमाश निर्माण स्थल के कैंप में घुस गए और रोड पाइप, सरिया, शटरिंग प्लेट समेत अन्य निर्माण सामग्री उठाने लगे. मौके पर मौजूद मजदूरों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, मजदूरों का मोबाइल फोन भी छीन लिया और आराम से निर्माण सामग्री लेकर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद कुमारधुबी ओपी और मैथन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद मजदूरों से पूछताछ की. हालांकि समाचार लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण स्थल के आसपास रात में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है.

निर्माण कार्य कर रही विराज एंगीकॉन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रवि शंकर कुमार ने बताया कि घटना को लेकर मैथन थाना और कुमारधुबी ओपी में लिखित शिकायत दी गई. शिकायत के अनुसार चोरी हुए सामान में 25 एमएम सरिया एक टन, 32 एमएम सरिया एक टन, 12 एमएम सरिया दो टन, 100 शटरिंग प्लेट, 40 सपोर्ट पाइप सहित अन्य निर्माण सामग्री शामिल है.

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

वहीं पेटी कॉन्ट्रेक्टर मिनाज ने पुलिस प्रशासन से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गहन जांच, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने निर्माण स्थल पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की ताकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

रिपोर्ट - नीरज कुमार