धनबाद (DHANBAD) : कोर्ट परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आया. अधिवक्ता संघ की ओर से आयोजित एक दिवसीय सुंदर पाठ में जिलेभर से आए सैकड़ों अधिवक्ताओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया. धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और सुंदर पाठ से पूरा परिसर रामभक्ति के रंग में रंग गया.
सुंदर पाठ और भक्ति गीतों की प्रस्तुति
सुंदर पाठ का आयोजन अधिवक्ताओं के लिए बनाए गए शेड में किया गया. कार्यक्रम में जिले की प्रसिद्ध भजन-कीर्तन मंडली ने सुंदर पाठ और भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. भजनों की मधुर धुनों और सुंदर पाठ के साथ मौजूद अधिवक्ता और श्रद्धालु रामभक्ति में लीन नजर आए.
प्रत्येक वर्ष यहां सुंदर पाठ का आयोजन
आयोजक समिति के सदस्य एवं अधिवक्ता उदय भट्ट ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए कोर्ट परिसर में शेड का निर्माण कराया गया था. तभी से प्रत्येक वर्ष यहां सुंदर पाठ का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है.
महाप्रसाद का वितरण किया गया
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया. आयोजन के सफल संचालन में अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिवक्ताओं, श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
इस परंपरा को जारी रखने की कही बात
धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे कोर्ट परिसर में अनुशासन और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला. अधिवक्ताओं ने इसे न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया. कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखने की बात कही.
रिपोर्ट- नीरज कुमार

