सीता सोरेन का सरकार पर बड़ा हमला! बोलीं- झारखंड में ध्वस्त हो गई है कानून-व्यवस्था
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने हेमंत सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने हजारीबाग दुष्कर्म मामले में कड़ी कार्रवाई और JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की है.
धनबाद (DHANBAD): क्या भाजपा हेमंत सरकार को घेरने की नई योजना पर काम कर रही है. आदित्य साहू से लेकर बाबू लाल मरांडी तक मुद्दों को लेकर सामने आ रहे हैं. इधर, एक लम्बी चुपी के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने झारखंड सरकार पर तेज हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. सीता सोरेन ने छात्रों पर दर्ज मामले को भी वापस लेने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट किया है. कहा है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. हजारीबाग के कटकमदाग में हमारी एक और आदिवासी बहन के साथ दुष्कर्म और फिर बर्बरता से मारपीट कर उसका पैर तोड़ देने की घटना रूह कंपाने वाली हैं.
खुद को 'आदिवासी हितैषी' बताने वाली सरकार के राज में बहन-बेटियां अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. पुलिस प्रशासन से मांग है कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए दरिंदों को फांसी की सजा दिलाई जाए और पीड़िता को तत्काल उच्च स्तरीय इलाज व मुआवजा मिले. उन्होंने यह भी कहा है कि हमारे झारखंड के होनहार युवा JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में सुधार के लिए लंबे समय से सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे. व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करने वाले इन युवाओं पर मुकदमा चलाना अन्यायपूर्ण है.
माननीय मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी, मेरा आपसे आग्रह है कि इन युवाओं पर दर्ज मुकदमों को अविलंब वापस लिया जाए. इस पत्र के माध्यम से मैं आपका ध्यान झारखंड के उन हजारों युवाओं और होनहार अभ्यर्थियों की ओर आकर्षित करना चाहती हूँ,राज्य का भविष्य इन युवाओं के हाथों में है, इन्हें प्रताड़ित करने के बजाय परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए.