धनबाद में पैसे लेकर भरे जा रहे थे SIR फॉर्म, प्रशासन को लगी भनक तो आधार सेंटर पर लग गया ताला

धनबाद में पैसे लेकर भरे जा रहे थे SIR फॉर्म, प्रशासन को लगी भनक तो आधार सेंटर पर लग गया ताला

धनबाद (DHANBAD):झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR अभियान के दौरान धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है.जहां वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर पर गुरुवार को एसडीएम लोकेश बारंगे ने छापेमारी कर सेंटर को सील कर दिया. आरोप है कि यहां लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर अनधिकृत तरीके से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा रहा था.शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की, जबकि सेंटर संचालक की तलाश जारी है.

प्रशासन ऐसे अन्य सेंटरों पर भी नजर रखे हुए है

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड में SIR की प्रक्रिया चल रही है. इसी दौरान सूचना मिली थी कि वासेपुर के एक आधार सेंटर पर लोगों से पैसे लेकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा रहे है. जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने सेंटर को सील कर दिया उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे अन्य सेंटरों पर भी नजर रखे हुए है, जहां चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है.

खुद भरे SIR फॉर्म

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म मतदाता स्वयं भरें.यदि किसी को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO), सुपरवाइजर या अधिकृत वॉलंटियर से संपर्क करें. किसी साइबर कैफे, आधार सेंटर या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाना गलत जानकारी दर्ज होने का कारण बन सकता है.

फॉर्म भरने के लिए पैसे लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी पुलिस

एसडीएम ने चेतावनी दी कि गलत सूचना देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act) समेत अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 रिपोर्ट-नीरज कुमार